सेक्टर-12 खेल परिसर में 500 से अधिक लोगों ने साइकिल चलाई

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद में विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइक्लिंग को स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का एक साधन बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सेक्टर-12 खेल परिसर में 500 से अधिक लोगों ने साइकिल चलाई

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। विश्व साइकिल दिवस पर रविवार को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर निगम की ओर से फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साइकिल रैली में 500 से अधिक लोगों ने भाग लेकर फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। वहीं रैली को मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर निगम की तरफ से आयोजित साइकिल रैली में सुबह पांच बजे से ही खेल परिसर में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने साइकिलों के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए साइक्लिंग क्लबों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक रैली में भाग लिया। मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल या मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ पर्यावरण और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है。

शारीरिक गतिविधियां कम होने से बढ़ रही बीमारियां

मेयर ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग शारीरिक गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिसके कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में साइक्लिंग एक ऐसा सरल और प्रभावी माध्यम है, जो लोगों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, हृदय स्वस्थ रहता है और मानसिक तनाव भी कम होता है। इसके अलावा ईंधन की खपत कम होने से प्रदूषण घटाने में भी मदद मिलती है। यदि लोग छोटी दूरी तय करने के लिए वाहनों के बजाय साइकिल का उपयोग करें तो शहर में प्रदूषण और ट्रैफिक दोनों की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया फिट इंडिया अभियान आज देशभर में एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

युवा मोबाइल और डिजिटल उपकरणों से रहे दूर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। नगर निगम का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग इन गतिविधियों से जुड़ें और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे मोबाइल और डिजिटल उपकरणों पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय खेल, योग, दौड़ और साइक्लिंग जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इस दौरान प्रतिभागियों ने फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। रैली में शामिल लोगों ने कहा कि साइक्लिंग न केवल शरीर को फिट रखती है, बल्कि यह पर्यावरण को बचाने का भी एक प्रभावी तरीका है। कई प्रतिभागियों ने बताया कि वे नियमित रूप से साइकिल चलाते हैं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल एक दिन का कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है।

लोगों में फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ाना समय की जरूरत

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल ने बताया कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और बदलती जीवनशैली के बीच फिटनेस को लेकर जागरूकता बढ़ाना समय की जरूरत है। विश्व साइकिल दिवस जैसे अवसर लोगों को स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास जारी रखेगा। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद जसवंत सिंह, करण सिंगला, हिमांशु जोशी, नितिन सहित नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

✦विश्व साइकिल दिवस कब मनाया गया?−
विश्व साइकिल दिवस पर रविवार को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsNcr NewsFaridabad Newsसेक्टर-12 खेल परिसर में 500 से अधिक लोगों ने साइकिल चलाई