वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कंपनी पर प्रदर्शन
फरीदाबाद में डाईको एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन में वृद्धि और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। हड़ताल पर गए 600 से अधिक कर्मचारियों को उचित वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और श्रमिक सुविधाएं लागू करने की मांग को लेकर सेक्टर-4 स्थित डाईको एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों ने बुधवार को फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन किया। नाराज श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने बताया कि कंपनी के सैकड़ों कर्मचारी पांच मई से हड़ताल पर हैं। यह कंपनी हौजरी उत्पाद, शर्ट और टी-शर्ट तैयार करती है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि प्रबंधन उनकी मांगों को लगातार टाल रहा है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि कंपनी के स्टाफ कर्मचारियों का वेतन बढ़ा दिया गया है, जबकि मजदूरों को अब भी पुराने वेतनमान पर काम करना पड़ रहा है।
सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने श्रमिकों के आंदोलन का समर्थन करते हुए बताया कि कंपनी में 600 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें करीब 175 कर्मचारी पीस रेट पर काम करते हैं, लेकिन उन्हें कंपनी के रोल पर दिखाया गया है। इसके बावजूद उन्हें डबल ओवरटाइम, दीपावली बोनस और अन्य सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा घोषित उच्च कुशल श्रेणी का वेतनमान भी श्रमिकों को नहीं मिल रहा है। श्रम विभाग के अधिकारियों ने पहले संशोधित वेतन लागू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन अब तक आदेशों का पालन नहीं कर रहा। श्रमिक नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग की निष्क्रियता के कारण उद्योगों में श्रमिकों का शोषण बढ़ रहा है। सीटू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक अधिकारों को लेकर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।--
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


