ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादपानी के लिए महिलाएं सड़क पर उतरीं

पानी के लिए महिलाएं सड़क पर उतरीं

बीते कई दिनों से पेयजल किल्लत झेल रही एनएच-पांच की महिलाओं ने सोमवार को बीके चौक पर जाम लगा दिया। पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने खाली बाल्टियां बजाकर घड़ा फोड़ प्रदर्शन किया। पुलिस ने महिलाओं को जब...

पानी के लिए महिलाएं सड़क पर उतरीं
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादMon, 09 Jul 2018 08:17 PM
ऐप पर पढ़ें

बीते कई दिनों से पेयजल किल्लत झेल रही एनएच-पांच की महिलाओं ने सोमवार को बीके चौक पर जाम लगा दिया। पेयजल किल्लत से परेशान महिलाओं ने खाली बाल्टियां बजाकर घड़ा फोड़ प्रदर्शन किया। पुलिस ने महिलाओं को जब चौक से हटाया तो गुस्साई महिलाओं ने नीलम चौक तक पैदल मार्च भी किया। इसके अलावा जवाहर कॉलोनी, एचएच-दो और सेक्टर-21बी की आदिवासी कॉलोनी के लोग पेयजल किल्लत की शिकायत लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया। अधिकारियों ने लोगों को जल्द ही पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने का आश्वासन दिया।

पेयजल किल्लत से परेशान एनएच-पांच के लोगों ने सोमवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया था, अधिकारियों ने दो घंटे में पेयजल आपूर्ति सुचारू होने का आश्वासन दिया था, लेकिन शाम तक भी पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने से गुस्साए लोगों ने शाम को बीके चौक पर जाम लगा दिया और खाली बाल्टियां बजाई। कुछ महिलाएं घड़े लेकर चौक पर पहुंची और घड़ा फोड़ प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें नगर निगम मुख्यालय के सामने भेज दिया। मुख्यालय में उस समय कोई अधिकारी नहीं मिला तो महिलाओं ने निगमायुक्त और संयुक्तायुक्त के घर का रूख किया। लेकिन वहां भी उन्हें अधिकारी नहीं मिले। बाद में इंजिीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी ने पेयजल आपूर्ति सुचारू करने का भरोसा दिया। प्रदर्शनकारी रजनी, भारत, सुरेश, रेनू, विट्टू ने बताया कि पांच नंबर बी ब्लॉक में करीब सौ घरों में बीते एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। पार्षद से लेकर नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत की है, कोई सुनने वाला नहीं है। नगर निगम जो टैंकर पहुंचाता है उस पर एक दबंग व्यक्ति कब्जा कर लेता है।

जवाहर कॉलोनी में पेयजल संकट

जवाहर कॉलोनी के लोग सोमवार को एक बार फिर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और पेयजल आपूर्ति सुचारू करवाने की गुहार लगाई। रमेश, विनोद, ललिता, विकास, संजय आदि ने बताया कि पानी आपूर्ति के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। उनके इलाके में आठ महीने पहले जवाहर कॉलोनी में टयूबवेल लगाया गया था, लेकिन उसे अभी तक शुरू नहीं किया गया। जबकि इलाके में पानी की भारी किल्लत है। गीता व शशि आदि ने बातया कि इस समय उनके इलाके में पानी की समस्या से करीब दो सौ परिवार परेशान है। मजबूरी में लोग प्रतिदिन करीब सौ रुपये पानी खरीदने पर खर्च करते हैं। महापौर ने इन लोगों की समस्या सुनी और एसडीओ को फोन कर जल्द से जल्द ट्यूबवेल चलाने का निर्देश दिया।

एनएच-दो के लोगों ने पेयजल के लिए लगाई गुहार

एनएच-दो के लोगों ने भी सोमवार को नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर पेयजल आपूर्ति सूचारू करने की गुहार लगाई। अरविंद, राजेश भाटिया, मनोज, विशाल, रेनू, ममता आदि ने बताया कि उनके इलाके में बीते पंद्रह दिने से पेयजल आपूर्ति गड़बड़ाई हुई है। रात भर पानी के लिए जागना पड़ता है। पानी कब आएगा किसी को पता नहीं होता है। कई बार दो-तीन दिन तक पानी नहीं आता है। कई बार नगर निगम के अधिकारियों और पार्षद को बता चुके हैं। कोई सुनता नहीं है।

सेक्टर-21 बी की आदिवासी कॉलोनी में पेयजल संकट

सेक्टर-21बी की आदिवासी कॉलोनी की महिलाओं ने भी सोमवार को महापौर सुमनबाला से मुलाकात की। और पेयजल मुहैया कराने की गुहार लगाई। महिलाओं ने बताया कि उनकी कॉलोनी करीब 40 साल पुरानी है। लेकिन अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी कॉलोनी को अवैध बताकर पानी नहीं दे रहे हैं। जबकि इलाके में जरूरतमंद लोग रहते है और पानी के लिए इधर-उधर मारे-मारे फिरते हैं। महापौर ने इन लोगों को पानी की पाइप लाइन डलवाने का आश्वासन दिया।

डीआर भास्कर, मुख्य अभियंता: कई इलाकों में स्थानीय दिक्कतों के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। उसे चार-पांच घंटों में सुचारू कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें