अगले वर्ष से दिल्ली-आगरा हाईवे-19 का सफर सुहाना हो जाएगा। दिल्ली बॉर्डर से लेकर कोसी-करमन बॉर्डर तक वाहन फर्राटा भरेंगे। मौजूदा समय में हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर छह व्हीकल अंडरपास समेत आठ पुलों का निर्माण चल रहा है। अगले वर्ष तक इन सभी का काम पूरा होने की उम्मीद है।
मौजूदा समय में हाईवे पर सीकरी में प्याला कट, पलवल में दूधौला मोड़, हुडा चौक सेक्टर-दो, अटोंहा मोड़ और बाबरी मोड़ पर व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। इनमें अटोंहा और बाबरी मोड़ होडल व्हीकल अंडरपास तैयार हो चुके हैं। इनका अंतिम चरण का मामूली काम बचा हुआ है। बाकी तीन व्हीकल अंडरपास का भी तेज रफ्तार से काम चल रहा है। दूधौला मोड़ पर बन रहे व्हीकल अंडरपास की सर्विस सड़क बनाने के लिए जमीन की अड़चन पैदा हो रही है। इसका भी जल्द समाधान होने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इन पांचों व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य सन् 2021 के मार्च माह तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया था। निर्माण कार्य को देखते हुए इन सभी पांचों व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य तय समयावधि तक पूरा होने की उम्मीद है।
पलवल फ्लाईओवर के वर्ष 2021 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद: पलवल में अलावलपुर चौक से लेकर तहसील तक करीब दो किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। पेमेंट को लेकर रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर और एलएंडटी कंपनी के बीच विवाद हो गया था। इस वजह से इस फ्लाईओवर का निर्माण करीब एक वर्ष तक लटका रहा। अब इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस फ्लाईओवर का काम सन् 2021 तक पूरा होने की उम्मीद है। यहां तेजी से काम चल रहा है। इसके बनने से पलवल जाम मुक्त हो जाएगा।
गुरुग्राम नहर पर बन रहे पुल का कार्य मार्च के बाद पूरा होगा: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण गुरुग्राम नहर पर 10 लेन के पुल का निर्माण कार्य कर रहा है। इस पुल पर चार लेन की सर्विस सड़क होगी। जबकि छह लेन का पुल होगा। इस पुल को बल्लभगढ़ बस अड्डा फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा। इसी वजह से इस पुल को मौजूदा पुल के मुकाबले करीब पांच फुट ऊंचा बनाया जा रहा है। इस पुल का निर्माण कार्य मार्च के बाद ही पूरा हो पाएगा। फिलहाल इस पुल की सर्विस लेन को बनाने का काम चल रहा है।
बामनीखेड़ा व्हीकल अंडरपास का काम पूरा होने की उम्मीद: बामनीखेड़ा व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। इस व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य कर रही कंपनी को तय शर्तों के हिसाब से पेमेंट का भुगतान नहीं हो पाया है। इस वजह से इस व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य लटका हुआ है। उम्मीद है कि अगले वर्ष में निर्माण कंपनी को भुगतान होने पर इस व्हीकल अंडरपास को भी शुरू कर दिया जाएगा। कंपनी को पेमेंट होने के बाद इस व्हीकल अंडरपास का निर्माण एक माह के अंदर पूरा हो जाएगा।
आगरा नहर पर तीन पुल शुरू होंगे
गुरुग्राम- आगरा नहर पर खेड़ी पुल चौक और बड़ौली गांव के सामने पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है। खेड़ी पुल का निर्माण कार्य अगले वर्ष मई माह तक पूरा होने की उम्मीद है। इसी तरह बड़ौली गांव के सामने वाला पुल भी अगले वर्ष शुरू हो जाएगा। इसके अलावा चंदावली गांव में आगरा नहर पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। पुल के दोनों ओर बनने वाली सड़क का निर्माण न होने के कारण इस पुल को शुरू नहीं किया जा सका है। जनवरी में इस सड़क का काम पूरा किए जाने की उम्मीद है। गुरुग्राम नहर पर सेक्टर-तीन पुल को छह लेन का बनाने का काम शुरू होगा: गुरुग्राम नहर पर सेक्टर-तीन पुल को छह लेन का बनाया जाएगा। इसका टेंडर भी लग चुका है। उम्मीद है कि अगले वर्ष इस पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने के नौ माह के अंदर इस पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
अगले वर्ष से हाईवे पर वाहन फर्राटा भरेंगे। हाईवे पर सात पुलों का काम तो तीन से चार माह के अंदर पूरा होने की उम्मीद है। पलवल फ्लाईओवर के काम को पूरा होने में समय लगेगा
-धीरज सिंह, मैनेजर(तकनीकी), भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण