हथीन-पलवल रोड पर जाम लगाया

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

पलवल के दुर्गापुर गांव में पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। पानी की किल्लत से परेशान लोग प्रशासन के खिलाफ जाम लगाकर अपना गुस्सा जाहिर करते हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान जल्द किया जाएगा, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या हल नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

हथीन-पलवल रोड पर जाम लगाया

पलवल, अजीत कुमार। पलवल-हथीन रोड स्थित दुर्गापुर गांव में पेयजल संकट से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। गांव में पिछले कई दिनों से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है, जिससे नाराज ग्रामीणों ने हथीन रोड पर जाम लगाकर प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। कई मोहल्लों में बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हैं। महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। विभाग की अनदेखी से परेशान होकर आखिरकार उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। विभाग के जेई प्रवीण ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गांव में जहां-जहां पानी की किल्लत है, वहां जल्द समाधान कराया जाएगा और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और काफी देर बाद जाम खुलवाया। जाम खुलने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।