बल्लभगढ़ निगम कार्यालय में पेयजल संकट

Mar 05, 2026 05:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ नगर निगम कार्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या है। कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों और आम लोगों को साफ पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। पानी का कूलर और आरओ सिस्टम खराब है, जिससे लोग बाहर से पानी खरीदने को मजबूर हैं। निगम प्रशासन ने समस्या को हल करने का आश्वासन दिया है।

बल्लभगढ़ निगम कार्यालय में पेयजल संकट

बल्लभगढ़, संवाददाता। फरीदाबाद नगर निगम के बल्लभगढ़ स्थित निगम कार्यालय में इन दिनों पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। कार्यालय में लगभग 200 से अधिक अधिकारी व कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि प्रतिदिन करीब 300 लोग जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति कर, जल-सीवर, सफाई और अन्य कार्यों के सिलसिले में यहां पहुंचते हैं। इसके बावजूद स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने से कर्मचारी और आमजन दोनों परेशान हैं। कार्यालय परिसर में लगा पानी का कूलर और आरओ सिस्टम काफी दिनों से खराब पड़ा है। कर्मचारियों का कहना है कि इसकी जानकारी कई बार संबंधित शाखा को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई।

बढ़ती गर्मी के बीच कर्मचारियों को अपने खर्च पर बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। एक कर्मचारी ने बताया कि पूरे दिन काम के दौरान पानी की जरूरत पड़ती है, लेकिन जब व्यवस्था ही बंद हो तो मजबूरी में बाहर से पानी मंगवाना पड़ता है। कार्यालय में काम कराने आए विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों के लोगों ने भी नाराजगी जताई। आदर्श नगर से आए सतीश ने कहा कि सरकारी दफ्तर में इतनी भी सुविधा नहीं कि पीने का साफ पानी मिल सके, यह चिंता की बात है। वहीं सुभाष कॉलोनी निवासी एक रश्मि नामक महिला ने बताया कि कई घंटे काम के लिए कार्यालय में रहना पड़ता हैं और गर्मी में पानी की सुविधा न होना बेहद परेशान करने वाला है। राजीव कॉलोनी के तारा चंद नामक एक बुजुर्ग ने कहा कि हम टैक्स भरते हैं, बिल जमा करते हैं, लेकिन दफ्तर में बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। निगम प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। चावला कॉलोनी और सीही क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने भी कहा कि रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही वाले कार्यालय में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का ठप होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। कर्मचारियों और नागरिकों ने संयुक्त रूप से मांग की है कि कूलर और आरओ सिस्टम की शीघ्र मरम्मत कराई जाए तथा अतिरिक्त पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जाएगी। इस संबंध में नगर निगम के कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार ने कहा कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। उन्होंने तुरंत ही संबंधित अधिकारी जेई जतिन यादव को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि समस्या का समाधान जल्द ही दूर कर दिया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।