Faridabad News: एसआईआर में आपत्ति वाले मतदाताओं को जारी हो रहे नोटिस
Faridabad News: पलवल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत, आपत्ति या संदेह वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से सही समय में जवाब देने की अपील की है। बीएलओ से संपर्क कर जानकारी प्राप्त करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की सलाह दी गई है।

Faridabad News: पलवल, अभिषेक शर्मा। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं के नाम और विवरण की जांच प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जिन मतदाताओं के नाम, आयु, दस्तावेज अथवा अन्य विवरण को लेकर आपत्ति या संदेह सामने आया है, उन्हें भारत निर्वाचन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने ऐसे मतदाताओं से नोटिस मिलने पर घबराने के बजाय निर्धारित समय में जवाब देने की अपील की है।
जानकारी प्राप्त करने का माध्यम
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर नोटिस या आपत्ति से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा उपलब्ध ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से भी अपने नाम से संबंधित आपत्ति अथवा नोटिस की स्थिति की जांच की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को अपने विवरण की जांच करने के साथ आवश्यक दस्तावेज भी तैयार रखने चाहिए। नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाता को निर्धारित समयावधि में अपना पक्ष प्रस्तुत करना होगा। आवश्यकता पड़ने पर सही एवं मान्य दस्तावेज भी जमा करने होंगे। निर्धारित समय में जवाब या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर मतदाता के नाम से संबंधित आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। बीएलओ के माध्यम से भी निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
आपत्तियों के बाद जारी होगी अंतिम सूची
एसआईआर के तहत प्रारंभिक अथवा अस्थायी मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। इसके बाद दावों और आपत्तियों के निस्तारण समेत अन्य निर्धारित प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपने नाम और मतदाता विवरण की जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की शंका होने पर बीएलओ या निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है और आपत्ति नोटिस को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।


