सफाईकर्मी से मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग
पलवल के गांव भूपगढ़ में सफाईकर्मी सिकंदर के साथ मारपीट हुई। जब उसने निजी घर की सफाई करने से मना किया, तो कुछ लोगों ने जातिसूचक शब्दों का उपयोग करते हुए उसे पीटा। पुलिस ने चार नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

पलवल/होडल। हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव भूपगढ़ में एक सफाईकर्मी के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि गांव निवासी सिकंदर ने शिकायत में कहा कि वह ग्राम पंचायत की ओर से सफाई कार्य करता है। दोपहर के समय वह चौपाल की सफाई कर रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ महिला-पुरुष आए और उससे अपने घर की सफाई करने को कहा।
सिकंदर ने बताया कि निजी घर की सफाई उसका काम नहीं है, लेकिन चौपाल का काम पूरा होने के बाद वह मदद कर देगा। यह सुनकर वे लोग भड़क गए और उस पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां देने लगे। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर सिकंदर को थप्पड़ों, मुक्कों और लातों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी दौरान एक महिला घर के अंदर गई और चिमटे से कुत्ते का मल लाकर पीड़ित के सामने फेंकने की कोशिश की। सिकंदर ने आरोप लगाया कि जब उसने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने उसका मोबाइल छीनकर दूर फेंक दिया। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट और अपमानजनक व्यवहार के कारण वह मानसिक रूप से बेहद आहत है। घटना के बाद उसने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


