Hindi NewsNcr NewsFaridabad NewsTragic Death of 24-Year-Old Prince in Drain Accident Sparks Legal Action
प्रिंस की मौत मामले में अधिकारी तलब

प्रिंस की मौत मामले में अधिकारी तलब

संक्षेप:

फरीदाबाद के मोहना रोड पर नाले में गिरकर 24 वर्षीय प्रिंस की मौत का मामला मानवाधिकार आयोग और जिला न्यायालय में विचाराधीन है। प्रिंस, जो बीएससी का छात्र था, की मौत नगर निगम की लापरवाही के कारण हुई। अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होगी। पीड़ित पिता न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।

Jan 20, 2026 07:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share Share
Follow Us on

बल्लभगढ़, संवाददाता। मोहना रोड पर नाले में गिरकर 24 वर्षीय प्रिंस की मौत के मामले में मंगलवार को फरीदाबाद नगर निगम के अधिकारी मानवाधिकार आयोग, चंडीगढ़ में पेश हुए। हालांकि आयोग की ओर से इस दिन कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ और अब अगली सुनवाई की तारीख 2 अप्रैल तय की गई है। इस बीच मामले की सुनवाई जिला न्यायालय में भी चल रही है, जहां 28 जनवरी को अगली तारीख निर्धारित है। घटना 31 जुलाई 2024 की रात करीब 9 बजे की है। आदर्श नगर निवासी राजकुमार शर्मा का बेटा प्रिंस घरेलू सामान लेने चस्पा होटल, चुंगी नंबर पांच गया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बारिश के कारण नाले में पानी भरा हुआ था। आरोप है कि नाले पर न तो ढक्कन था और न ही कोई चेतावनी संकेत लगाया गया था। सामान लेकर लौटते समय प्रिंस नाले में गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित पिता ने इस हादसे के लिए नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया था। मामले में पुलिस ने 1 अगस्त 2024 को नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से मामला अदालत और मानवाधिकार आयोग में विचाराधीन है। मानवाधिकार आयोग में सुनवाई के दौरान फरीदाबाद नगर निगम की ओर से कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार और जूनियर इंजीनियर विपिन कुमार पेश हुए। आयोग ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए 2 अप्रैल की तारीख तय कर दी। कोर्ट में 28 जनवरी को सुनवाई होगी उधर, जिला अदालत में इस मामले की सुनवाई पहले 9 और 19 जनवरी को हो चुकी है। पीड़ित पिता राजकुमार ने बताया कि 28 जनवरी को होने वाली सुनवाई में पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के बयान दर्ज किए जाएंगे। राजकुमार ने बताया कि प्रिंस उनका इकलौता बेटा था और बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। वह अब अपने बेटे के लिए न्याय की उम्मीद लगाए आयोग और अदालत की ओर देख रहे हैं।