
दिल्ली बॉर्डर पर बिना बीएस-6 वाले वाहन रोके
फरीदाबाद में, ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर पर 24 घंटे नाकों के जरिए 20 पुराने गैर बीएस-6 वाहनों को लौटाया। दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पुराने वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने विभिन्न नाकों पर वाहनों की जांच की और कई चालान भी किए।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली-बदरपुर बॉर्डर के पांच नाकों से पेट्रोल-डीजल से चलने वाले गैर बीएस (भारत स्टेज)-6 करीब 20 पुराने वाहनों को लौटा दिया। ट्रैफिक पुलिस ने यहां 24 घंटे नाके लगाए हुए हैं। हालांकि, पुलिस की नाकेबंदी का पता चलने पर बॉर्डर इलाके में गैर बीएस-6 वाहन नहीं जा रहे हैं। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली में पुराने वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। दिल्ली पुलिस से तालमेल कर स्थानीय पुलिस ने गुरुवार को बदरपुर बॉर्डर, बदरपुर टोल प्लाजा, डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे, दुर्गा बिल्डर और सूरजकुंड गोल चक्कर पर नाके लगाए हुए हैं।
पुलिस नाकों पर इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा नाकों पर वाहनों को रोककर जांच की जा रही है। बदरपुर टोल प्लाजा के नाके से 12 वाहनों को वापस लौटाया गया है। यहां पर 40 से ज्यादा वाहनों की जांच की गई थी। इसी तरह बदरपुर बॉर्डर के नाके से पांच वाहनों को लौटाया गया। यहां अलग-अलग नियम तोड़ने पर कई वाहनों के चालान किए गए। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की सीमा के नजदीक भी वाहनों की जांच चल रही थी। इसी तरह दुर्गा बिल्डर इलाके में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। दिल्ली में गैर बीएस-6 वाहनों पर प्रतिबंध का पता चलने के कारण पुराने वाहन चालक कम पहुंचे। इस दौरान पुलिस नाकों पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों के पंजीकरण नंबर भी लिख रहे थे। पुलिसकर्मी प्रतिबंधित मानक वाले वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक के बारे में जानकारी दे रहे थे। बदरपुर बॉर्डर पर वाहनों की जांच में जुटे ट्रैफिक पुलिसकर्मी आनंद मोहन ने बताया कि गैर बीएस 6 वाहन बॉर्डर पर नहीं आ रहे हैं। चार-पांच वाहन आए थे। उन्हें लौटा दिया गया। ट्रांसपोर्टर को दिल्ली में पुराने वाहनों के प्रवेश पर लगे प्रतिबंध का पता चल गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस दिल्ली बॉर्डर से पुराने वाहनों को लौटा रही है। हालांकि, इनकी संख्या बेहद कम है। यह रिपोर्ट देर रात तक ही तैयारहो सकेगी। ---------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




