
ट्रैफिक लाइट खराब होने से फतेहपुर डेरा कट तक रेंग रहे वाहन
फरीदाबाद-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर फतेहपुर डेरा कट की ट्रैफिक लाइट कई महीनों से खराब है, जिससे दो किलोमीटर तक ट्रैफिक रेंग रहा है। वाहन चालक जाम से बचने के लिए गलत दिशा में चल रहे हैं, जिससे सड़क हादसे की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा, टोल टैक्स के बावजूद सड़क पर अंधेरा है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। गुरुग्राम-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे के दिल्ली फतेहपुर डेरा कट पर लगी ट्रैफिक लाइट खराब होने दो किलोमीटर तक ट्रैफिक रेंग रहा है। गुरुग्राम से फरीदाबाद आने वाली लेन पर यह आफत बनी हुई है। फरीदाबाद-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर हर रोज एक लाख से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। इस एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा न होने से लंबा जाम लग रहा था। इस पर लोक निर्माण विभाग ने यहां पर टोल प्लाजा पर फास्टैग की व्यवस्था कर दी थी। इससे टोल प्लाजा पर लगने वाली वाहनों की लंबी लेन खत्म हो गई। अब काफी हद तक टोल प्लाजा का जाम खत्म हो चुका है, लेकिन पिछले कुछ अरसे से यहां दिल्ली के फतेहपुर डेरा कट की ट्रैफिक लाइट खराब है।

इससे गुरुग्राम से फरीदाबाद आने वाली लेन पर जाम की समस्या बन गई है। यहां फरीदाबाद की ओर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों के कारण ट्रैफिक की रफ्तार थम रही है। फतेहपुर डेरा की ओर जाने वाले वाहनों के कारण गुरुग्राम से फरीदाबाद जाने वाला ट्रैफिक रुक जाता है। शाम 6 बजे के बाद यहां ट्रैफिक रेंगना शुरू कर देता है। रात 9:00 बजे के बाद तक यहां ट्रैफिक रेंगता रहता है। ट्रैफिक की रफ्तार थमने के कारण गुरुग्राम के बंधवाड़ी फ्लाईओवर से लेकर फतेहपुर डेरा कट तक वाहनों की रफ्तार थम जाती है। वाहन चालकों का कहना है कि फतेहपुर डेरा कट की खराब ट्रैफिक लाइट के कारण कई माह से यहां जाम की समस्या बनी हुई है। यहां दो किलोमीटर एरिया में ट्रैफिक रेंग रहा है। खराब ट्रैफिक लाइट के कारण रात में मांगर पुलिस चौकी की ओर से पुलिसकर्मियों की डयुटी भी लगाई जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जाम की वजह से गलत दिशा में भी चल रहे वाहन चालक जाम से बचने के लिए वाहन चालक गलत दिशा में भी वाहन चला रहे हैं। जाम से बचने के कारण वाहन चालक फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाली लेन पर अपने वाहनों को चलाने लगते हैं। विपरीत दिशा में वाहन चलाने से यहां सड़क हादसे की आशंका भी बनी हुई है। यदि यहां लगी ट्रैफिक लाइट जल्द ठीक नहीं करवाई गई तो यहां विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों के कारण भीषण सड़क हादसा भी हो सकता है। टोल टैक्स देने के बावजूद पसरा है अंधेरा गुरुग्राम-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे पर आवाजाही के लिए टोल टैक्स देना होता है। टोल टैक्स देने के बावजूद यहां अंधेरा पसरा हुआ है। दिन ढलते ही यहां अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में यहां लावारिश पशुओं से टकराने की आशंका भी बनी रहती है। कई बार ये लावारिश पशु तेज रफ्तार वाहनों के आगे आ जाते हैं। कई बार लावारिश पशुओं के कारण यहां सड़क हादसे हो चुके हैं। इस रोड के कुछ ही हिस्से में स्ट्रीट लाइट लगी हुई हैं। यहां वाहनों की भारी संख्या को देखते हुए स्ट्रीट लाइट का होना जरूरी है। इसी तरह सड़क किनारे और डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर भी नहीं हैं। सर्दी के मौसम में कोहरा होता है। यहां अरावली का घना जंगल भी है। कोहरे की वजह से यहां वाहनों की रफ्तार थम जाती है। यहां फतेहपुर डेरा कट की ट्रैफिक लाइट पिछले कई माह से खराब पड़ी हुई है। इससे वाहन चालकों को लंबे जाम में फंसना पड़ रहा है। यहां हर रोज रात में दो किलोमीटर के एरिया को पार करने में 20 मिनट लग रहे है’। - पुनीत, सेक्टर-64 गुरुग्राम रोड से गुजरने के लिए टोल टैक्स देना होता है। टोल देने के बावजूद यहां अंधेरा है। यहां कई बार लावारिश पशु तेज रफ्तार वाहनों के आगे आ जाते हैं। यहां फतेहपुर डेरा कट की खराब ट्रैफिक लाइट को तुरंत ठीक करवाने की जरूरत है। - नरेश कुमार, पलवल खराब ट्रैफिक लाइट के बारे में जानकारी नहीं है। इसे ठीक करवाने के लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड को पत्र लिखा जाएगा। इस ट्रैफिक लाइट को जल्द ठीक करवाया जाएगा। - अनोज कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक थाना

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




