
हाईवे पर शॉर्टकट की वजह से गलत दिशा में चल रहे वाहन
फरीदाबाद में दिल्ली-आगरा हाईवे पर कम से कम 13 स्थानों पर वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। पुलिस ने गलत दिशा में चलाने वाले 181 वाहनों के चालान काटे हैं, लेकिन समस्या बनी हुई है। एनएचएआई को अंडरपास बनाने की सलाह दी गई है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली-आगरा हाईवे पर वाहन चालक शॉर्ट-कट के चक्कर में कम से कम 13 ऐसे स्थान हैं, जहां पर वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे हैं। इससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। कई बार गलत दिशा की वजह से भीषण सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। गुरुवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी से नागरिक अस्पताल की ओर जाने वाले गलत दिशा में चल रहे थे। यहां हर रोज वाहन गलत दिशा में चलते देखे जा सकते हैं। इसी तरह सेक्टर-छह कटसे लेकर वाईएमसीए चौक तक भी बल्लभगढ़ की ओर से दिल्ली की ओर जाने वाली साइड में वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे थे।
यहां वाहन चालक सेक्टर-छह औद्योगिक क्षेत्र की ओर से वाईएमसीए चौक की ओर जा रहे थे। यहां चलने वाले वाहनों में ऑटो, दोपहिया वाहन, कार, कैंटर, ट्रक और ट्रैक्टर भी शामिल थे। इसके अलावा गुडईयर कट से भी वाहन चालक वाईएमसीए कट की ओर गलत दिशा में आ रहे थे। यहां गलत दिशा में चलने की वजह गुडईयर कट बंद होना है। ऐसे में वाहन चालकों को वाईएमसीए पर आने के लिए पहले बल्लभगढ़ जाना होगा। इसी तरह वाईएमसीए चौक से मुजेसर कट की ओर वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे हैं। यहां इंद्रा नगर कट से वाईएमसीए चौक की ओर भी वाहन गलत दिशा में चलना आम बात है। यही नहीं बस अड्डा बल्लभगढ़, जेसीबी कट, कैल गांव मोड़, सीकरी के आस-पास वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे थे। अजरौंदा चौक के दोनों ओर गुरुवार को भी गलत दिशा में वाहन चल रहे थे। गुरुवार को कई दोपहिया, ऑटो अजरौंदा चौक की ओर से सीएनजी पंप की ओर जा रहे थे। इसी तरह एसएसबी अस्पताल की ओर से भी वाहन चालक अजरौंदा चौक की ओर गलत दिशा में आ रहे थे। इसके अलावा एस्कॉट्र्स कंपनी मोड़ की ओर से भी अजरौंदा चौक की ओर वाहन चालक गलत दिशा में चल रहे थे। यहां गलत दिशा में चलने वाले वाहनों में दोपहिया वाहनों की संख्या ज्यादा थी। यहां पर वाहन चालक रात के समय में भी गलत दिशा में चलते हैं। यहां पर कई बार राहगीरों को पुलिस के वाहन भी गलत दिशा में चलते हुए दिख जाते हैं। बड़खल मोड़ के पास भी गलत दिशा में चलते दिखे वाहन: हाईवे के बड़खल मोड़ पर सेक्टर-19-28 डिवाइडिंग सड़क के पास, डीएलएफ से एनएचपीसी पुल के पास वाहन चालक गलत दिशा में चलते देखे जा सकते हैं। गुरुवार को भी बड़खल मोड़ के आस-पास वाहन गलत दिशा में चल रहे थे। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद मेट्रो रेल स्टेशन से ओल्ड फरीदाबाद चौक की दूरी करीब आधा किलोमीटर है। लेकिन ओल्ड फरीदाबाद चौक पर जाने के लिए पहले अजरौंदा चौक पर जाना होगा। वहां से यूटर्न लेकर वापस अजरौंदा चौक आना होगा। इस वजह से वाहन चालकों को ढाई- तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ जाएगी। इससे बचने के लिए वाहन चालक यहां गलत दिशा में चल रहे हैं। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने के लिए भी वाहन चालक गलत दिशा में चलते नजर आए। एनएचएआई हर कट पर अंडरपास बनाती तो गलत दिशा में नहीं चलते वाहन एनएचएआई प्रबंधन यदि हाईवे के साथ लगते रास्तों के सामने अंडरपास बनाता तो वाहन चालक गलत दिशा में नहीं चलते। छह लेन हाईवे निर्माण के समय तत्कालीन डीसी डॉ. राकेश गुप्ता ने एनएचएआई प्रबंधन को इस बारे में सुझाव भी दिया था कि यह हाईवे शहर के बीचों-बीच से गुजर रहा है। यहां फैक्टरियां भी लगी हुई हैं। यदि सभी कट बंद कर दिए जाएंगे तो लोगों को दिक्कत होगी। ऐसे में वाहन चालक गलत दिशा में चलेंगे, लेकिन एनएचएआई प्रबंधन ने तत्कालीन डीसी के सुझाव पर अमल नहीं किया। पर्याप्त संख्या में अंडरपास न होने के कारण वाहन चालक लंबी दूरी से बचने के लिए गलत दिशा में चल रहे हैं। हर रोज 181वाहनों के चालान काटे जा रहे शहर में गलत दिशा वाहन चलाने वालों की भी अच्छी-खासी संख्या है। पुलिस वाहन चालकों के चालान भी काट रही है। पुलिस ने वर्ष 2025 में 65 हजार 440 वाहनों के चालान किए थे। औसतन हर रोज 181 वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं। फिर भी गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर अंकुश नहीं लग सका है। ट्रैफिक पुलिस गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के लगातार चालान कर रही है। गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर खासा फोकस है। गत वर्ष 65 हजार से ज्यादा वाहन चालकों के चालान किए गए थे। - अनोज कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक थाना

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




