Faridabad News: हरियाली तीज के दंगल को लेकर तिगांव में दो पंचायतें आमने-सामने

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

Faridabad News: हरियाली तीज के दंगल को लेकर तिगांव में दो पंचायतें आमने-सामने-एक सरपंच हाई स्कूल मैदान

Faridabad News: हरियाली तीज के दंगल को लेकर तिगांव में दो पंचायतें आमने-सामने

Faridabad News: बल्लभगढ़, अशोक जैन। हरियाली तीज के अवसर पर तिगांव में वर्षों से आयोजित होने वाले दंगल को लेकर गांव की दो पंचायतों के सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि आमने-सामने आ गए हैं। दंगल के आयोजन स्थल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि रविवार को तिगांव की अनाज मंडी में 84 पाल की पंचायत बुलानी पड़ी। करीब तीन घंटे चली पंचायत में ग्रामीणों और पाल के प्रतिनिधियों ने मामले पर चर्चा की। अंत में फैसला लिया गया कि तिगांव के सरपंच विक्रम नागर लोगों की सहमति से गांव में जहां उचित समझें, वहां दंगल का आयोजन करा सकते हैं। साथ ही पंचायत में भाईचारा और आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

पंचायतों के मतभेद

तिगांव गांव की दो पंचायतों के क्षेत्र में दंगल के आयोजन स्थल को लेकर मतभेद सामने आया है। गांव का स्टेडियम अधाना पट्टी की तरफ है, जबकि हाई स्कूल का मैदान तिगांव पंचायत की ओर स्थित है। तिगांव के सरपंच विक्रम नागर हरियाली तीज का दंगल हाई स्कूल के मैदान में कराने के पक्ष में हैं। वहीं अधाना पट्टी की ओर से सरपंच प्रतिनिधि वेद अधाना दंगल का आयोजन गांव के स्टेडियम में कराने की मांग कर रहे हैं।

पंचायत का पूर्व निर्णय

चार दिन पहले भी हुई थी पंचायत

दंगल के आयोजन स्थल को लेकर करीब चार दिन पहले भी गांव में पंचायत हुई थी, लेकिन उस समय कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद रविवार को तिगांव की अनाज मंडी में 84 पाल की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत की अध्यक्षता गांव बडोली निवासी रणवीर चंदीला ने की। इसमें दोनों पक्षों के लोगों ने अपनी-अपनी बात रखी। हालांकि अधाना पट्टी की ओर से सरपंच प्रतिनिधि वेद अधाना पंचायत में शामिल नहीं हुए।

चर्चा और सामंजस्य

तीन घंटे की चर्चा के बाद निकला रास्ता

पंचायत में करीब तीन घंटे तक दंगल के आयोजन को लेकर चर्चा होती रही। ग्रामीणों ने कहा कि तिगांव में हरियाली तीज पर वर्षों से दंगल आयोजित होता आया है और यह आयोजन गांव की परंपरा तथा आपसी भाईचारे से जुड़ा हुआ है। ऐसे में आयोजन स्थल को लेकर विवाद पैदा होना उचित नहीं है। पंचायत में सहमति बनी कि सरपंच विक्रम नागर ग्रामीणों की सहमति से गांव में अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी उचित स्थान पर दंगल का आयोजन करा सकते हैं।

भाईचारा और एकता

भाईचारा बनाए रखने पर दिया जोर

पंचायत में मौजूद लोगों ने स्पष्ट किया कि दंगल को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद गांव के भाईचारे को प्रभावित नहीं करना चाहिए। पंचायत ने दोनों पक्षों से आपसी समन्वय बनाए रखने और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि हरियाली तीज का दंगल किसी एक पक्ष का नहीं, बल्कि पूरे तिगांव का पारंपरिक आयोजन है। इसलिए इसे मिल-जुलकर आयोजित किया जाना चाहिए.

दंगल की परंपरा

वर्षों पुरानी है दंगल की परंपरा

तिगांव में हरियाली तीज के अवसर पर वर्षों से बड़े स्तर पर दंगल आयोजित किया जाता रहा है। इसमें आसपास के गांवों के पहलवान भी हिस्सा लेते हैं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मुकाबले देखने पहुंचते हैं। इस बार आयोजन स्थल को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद सामने आने से मामला चर्चा में है। पंचायत के फैसले के बाद अब देखना होगा कि दंगल का आयोजन किस स्थान पर किया जाता है।

सामान्य प्रश्न

तिगांव में दंगल का आयोजन कब होता है?
तिगांव में हरियाली तीज के अवसर पर दंगल का आयोजन होता है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर NewsफरीदाबादFaridabad News: हरियाली तीज के दंगल को लेकर तिगांव में दो पंचायतें आमने-सामने