अस्पताल में उपचाराधीन बच्चे की मौत, परिजनों का लापरवाही का आरोप
फरीदाबाद में एक तीन महीने के बच्चे की मौत हो गई, जिसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में लापरवाही के आरोप में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने डॉक्टरों पर आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्चे की हालत बिगड़ी। पुलिस के गलत व्यवहार की भी शिकायत की गई है, और सीएम योगी आदित्य नाथ से मदद मांगी गई है।

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। नोएडा से सेक्टर 16 स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए आए तीन माह के एक बच्चे की रविवार मौत हो गई। नाराज परिजनों ने डाॅक्टर पर लापरवाही और शव नहीं देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी उनके साथ गलत व्यवहार किया। उन्होंने इसकी ऑनलाइन शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से की है और मदद की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार मूलरूप से यूपी के आजमगढ़ निवासी सत्यम शर्मा नोएडा के सेक्टर-30 में परिवार के साथ रहते हैं। पिछले साल 11 दिसंबर में उनकी पत्नी अंजली ने एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे जन्म के बाद से ही सांस लेने में समस्या थी।
इसी को लेकर वह बच्चे को फरीदाबाद के सेक्टर-16 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। परिजन के मुताबिक वो बच्चे को 23 मार्च को अस्पताल में लेकर आए थे। जहां पर 24 मार्च को बच्चे के हार्ट से जुड़ी सर्जरी की गई। परिजनों के मुताबिक, सर्जरी के बाद बच्चा पूरी तरह से ठीक था, लेकिन बाद में उसकी तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इलाज में लापरवाही की गई, जिससे की बच्चे के फेफड़ों में पानी चला गया और रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। अस्पताल ने बच्चे के इलाज के लिए 10 दिन का पैकेज आठ लाख रुपये में दिया गया था। उन्होंने अपने एक प्लॉट को गिरवी रख कर लोन लिया और करीब 4 लाख रुपये जमा करा दिए। बच्चे की मौत के बाद पैसे की मांग करते रहे और शव देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं जब उन्होंने अपने जमा किए हुए पैसे वापस मांगे तो अस्पताल प्रशासन की तरफ से पुलिस को बुला लिया गया। पुलिस ने भी उनके साथ गलत व्यवहार किया। काफी जद्दोजहद के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा बच्चे के शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और पुलिस के व्यवहार की शिकायत सीएम योगी आदित्य नाथ से की है।उधर सेक्टर-16 चौकी के इंचार्ज ने बताया कि हंगामा कि जानकारी पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची थी। पुलिस ने किसी के साथ कोई गलत व्यवहार नहीं किया है। मामले में दोनों पक्ष से किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं आई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


