Faridabad News: खिड़की तोड़कर बाल सुधार गृह के सेफ्टी हाउस से तीन बंदी फरार
Faridabad News: फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित बाल सुधार गृह के सेफ्टी हाउस से शनिवार को तीन बाल बंदी फरार हो गए। तीनों किशोर गंभीर आपराधिक मामलों में बंद थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जो सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी तलाश कर रही है। सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Faridabad News: फरीदाबाद, अमित भाटिया। एनआईटी-5 स्थित बाल सुधार गृह के सेफ्टी हाउस से शनिवार शाम तीन बाल बंदी बाथरूम का जंग लगा जंगला तोड़कर फरार हो गए। तीनों बाल बंदी गंभीर आपराधिक मामलों में सुधार गृह में बंद थे। घटना का पता रात को उस समय चला, जब सुधार गृह में बाल बंदियों की नियमित गिनती की गई। इसके बाद सुधार गृह प्रशासन ने मामले की सूचना एनआईटी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने फरार बाल बंदियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। एनआईटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि शनिवार रात करीब 10 बजे बाल बंदियों की नियमित गिनती के दौरान तीन किशोर गायब मिले। इसका पता चलते ही सेफ्टी हाउस में हड़कंप मच गया। तीनों की सेफ्टी हाउस में तलाश की गई, मगर कुछ पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि तीनों नाबालिग सेफ्टी हाउस के ग्राउंड फ्लोर पर बने बाथरूम में पहुंचे। वहां खिड़की पर लगा लोहे का जंगला जंग लगे होने के कारण खराब हालत में था। ऐसे में उन्होंने उसे पहले हाथ से हिला-हिलाकर ढीला कर लिया और फिर उसे उखाड़कर उसमें से दूसरी तरफ बनी नगर निगम की नर्सरी की तरफ उतरकर वहां से बाहर निकल गए। बताया जा रहा है कि जिस समय तीनों वहां से निकले, उस समय वहां कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था.
दो 2024 से, तीसरा 2025 से बंद था
तीनों नाबालिगों को हत्या के अलग-अलग मामलों में सेफ्टी हाउस में रखा गया था। तीनों की उम्र करीब 17 साल बताई जा रही है। इनमें एक गुरुग्राम, दूसरा नूंह और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। फरार होने के बाद अब पुलिस उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटाकर तलाश कर रही है। साथ ही सुधार गृह से बाहर निकलने के बाद उनके भागने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही
एनआईटी थाना प्रभारी महावीर ने बताया कि बाल सुधार गृह की तरफ से शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों की गतिविधियों और उनके भागने की दिशा का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खिड़की इतनी आसानी से कैसे उखड़ी और घटना के समय सुरक्षाकर्मी कहां थे।थाने और क्राइम ब्रांच की टीमें तीनों की तलाश कर रहीं हैं.
सेफ्टी हाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल
सेफ्टी हाउस में इस तरह की लापरवाही वहां सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। तीनों बाल बंदी हत्या जैसे संगीन मामले में बंद थे। इनमें से दो दूसरी मंजिल और एक को पहली मंजिल पर रखा गया था। सवाल है कि आखिर तीनों कैसे इकट्ठे हुए। ऊपर से उतरकर तीनों नीचे बाथरूम में पहुंचे तो किस ने उन्हें रोका क्यों नहीं। घटना के समय सुरक्षाकर्मी कहां थे। बाथरूम का जंगला इतनी आसानी से कैसे टूट गया। इन सवालों का जवाब अभी किसी के पास नहीं है.
पहले भी हो चुकी हैं बाल बंदियों के भागने की घटनाएं
जिला बाल सुधार गृह से वर्ष 2016 में पांच बाल बंदी हेड वार्डन को सुधार गृह में बंद कर वहां से भाग निकले थे। उस दौरान भी घटना के समय वहां कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। हेड वार्डन को अकेला पाकर बाल बंदियों ने उन्हें बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गए। हालांकि बाद में पुलिस ने पांचों को वापस पकड़ लिया था। इससे पहले भी सुधार गृह से बाल बंदियों के भागने क कई घटनाएं हो चुकी हैं.
हरियाणा के सभी जिलों से आते हैं यहां बाल बंदी
बाल सुधार गृह के सेफ्टी हाउस में गंभीर आपराधिक घटनाओं और बड़ी उम्र के बाल बंदियों को रखा जाता है। प्रदेश के सभी जिलों से यहां बाल बंदियों को लाया जाता है और इस सेफ्टी हाउस की क्षमता करीब 200 बाल बंदियों को रखने की है। एक और सेफ्टी हाउस हिसार में बनकर तैयार हुआ है, मगर अभी वह शुरू नहीं हुआ है.

