ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादचंदावली मोड़ पर अंडरपास के लिए महापंचायत होगी

चंदावली मोड़ पर अंडरपास के लिए महापंचायत होगी

फरीदाबाद। निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चंदावली मोड़ पर व्हीकल अंडरपास के निर्माण को लेकर...

चंदावली मोड़ पर अंडरपास के लिए महापंचायत होगी
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादSun, 04 Dec 2022 11:30 PM
ऐप पर पढ़ें

फरीदाबाद। निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चंदावली मोड़ पर व्हीकल अंडरपास के निर्माण को लेकर लोगों का धरना लगातार जारी है। रविवार को लोगों का गुस्सा एनएचएआई(नेशनल हाईवे अथोरिटी ऑफ इंडिया) प्रबंधन के खिलाफ फूटा। लोगों ने यहां एनएचएआई के परियोजना समेत एनएचएआई मुख्यालय के अधिकारियों को गुमराह कर यहां बनने वाले व्हीकल अंडरपास को सेक्टर-64 में बनवाने का आरोप लगाया। जबकि यहां पर व्हीकल अंडरपास की ज्यादा जरूरत थी। रविवार को धरना आठवें दिन में प्रवेश कर गया। इसकी अध्यक्षता सेक्टर-दो जाट सभा के प्रधान सुभाष चौधरी ने की। इस दौरान धरने में जुटे लोगों का कहना था कि दिल्ली-मुबई एक्सप्रेसवे के निर्माण से पहले सर्वे किया गया था। इस सर्वे में चंदावली मोड़ पर व्हीकल अंडरपास की जरूरत बताई गई थी। लेकिन जब डिजाइन को मंजूरी मिली तो चंदावली व्हीकल अंडरपास का नाम इसमें शामिल नहीं था। इसका पता चलने पर लोगों ने यहां व्हीकल अंडरपास के निर्माण के लिए प्रयास शुरू कर दिए। लोग मामले में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। केंद्रीय मंत्री ने लोगों को यहां पर व्हीकल अंडरपास के लिए आश्वास्त किया था। लोगों का आरोप है कि एनएचएआई के स्थानीय परियोजना निदेशक वीके जोशी आदि अधिकारियों ने एनएचएआई मुख्यालय में बैठे अधिकारियों को गुमराह कर दिया कि यहां पर व्हीकल अंडरपास की जरूरत नहीं है। यदि एनएचएआई के स्थानीय अधिकारी मुख्यालय को सही रिपोर्ट भेजते तो यहां व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा होता। धरने के संयोजक हेमंत शर्मा ने कहा कि बल्लभगढ़-मोहना रोड के चंदावली मोड़ पर बनने वाले व्हीकल अंडरपास को एनएचएआई अधिकारी ने सेक्टर-64 पर बनवा दिया। जबकि मूल डीपीआर(डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) में चंदावली मोड़ पर व्हीकल अंडरपास था। अधिकारियों की साजिश की सजा बल्लभगढ़-मोहना सड़क से गुजरने वाले दर्जनों गांवों के लोगों और बल्लभगढ़ शहर के लोगों को भुगतना पड़ेगी।

छह दिसंबर की महापंचायत की तैयारियों में जुटे लोग

धरने पर बैठे लोग छह दिसंबर को महापंचायत की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए गांवों में लोगों को न्यौता दिया जा रहा है। ताकि यहां पर व्हीकल अंडरपास बनवाने के लिए संघर्ष की रणनीति बनाई जा सके। रविवार को धरने में अमरपुर गांव से भीम सिंह लांबा, साहूपुरा से पूर्व जिला पार्षद अवतार सारंग, भाटिया कॉलोनी से चौधरी रामरतन, मुजेड़ी से संदीप कपासिया, आजाद सिंह, रविंद्र मलिक, सुरेश मोर सहित काफी संख्या में लोगों ने धरने में हिस्सा लिया।

क्या कहते हैं लोग

एनएचएआई अधिकारियों की वजह से यहां व्हीकल अंडरपास के निर्माण में अटकाव आया है। यह रास्ता यूपी तक जाता है। केजीपी एक्सप्रेसवे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। इतनी महत्वपूर्ण सड़क होते हुए भी एनएचएआई अधिकारियों ने यहां व्हीकल अंडरपास के निर्माण की जरूरत महसूस नहीं की। साजिश के तहत यहां व्हीकल अंडरपास का निर्माण रुकवाया गया है

-सोनू तेवतिया, निवासी, सोतई

एनएचएआई प्रबंधन को नए सिरे से यहां के लिए व्हीकल अंडरपास का प्रस्ताव तैयार कर एनएचएआई मुख्यालय भेजना चाहिए। एनएचएआई के स्थानीय अधिकारियों को मुख्यालय में बैठे अधिकारियों को सही रिपोर्ट देनी चाहिए। सेक्टर-64 में बन रहे वहीकल अंडरपास से चंदावली मोड़ पर व्हीकल अंडरपास की ज्यादा जरूरत थी। लेकिन अधिकारियों ने अपनी मनमर्जी से यहां व्हीकल अंडरपास न देकर गलत निर्णय लिया है। इससे लाखों लोग परेशान होंगे

-मास्टर विजयपाल, निवासी, मच्छगर

एनएचएआई अधिकारियों के पास अभी भी समय है। समय रहते अपनी भूल का सुधार कर लेना चाहिए। यदि यहां पर व्हीकल अंडरपास बन जाता है तो लाखों लोगों को फायदा होगा। एनएचएआई ने सेक्टर-64 के सामने गलत व्हीकल अंडरपास बना दिया है। इस अंडरपास की जरूरत चंदावली मोड़ पर थी। सेक्टर-64 में सिर्फ एक सेक्टर के लोग हैं। जबकि यह 80 से ज्यादा गांवों का रास्ता है। यहां व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की जरूरत है

-पुष्कर दयाल शर्मा, निवासी, बल्लभगढ़

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें