Faridabad News: कूड़ा उठाने से रोकने पर सफाई कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

Faridabad News: फरीदाबाद/बल्लभगढ़ में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र हो गया है। कर्मचारियों ने ठेका कर्मियों को कूड़ा उठाने से रोका, जिससे मारपीट की नौबत आ गई। हड़ताल की मुख्य मांग ठेका प्रथा समाप्त करना है। सरकार ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन आदेश जारी नहीं हुए, जिससे कर्मचारी आंदोलन जारी रखेंगे।

Faridabad News: कूड़ा उठाने से रोकने पर सफाई कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज

Faridabad News: फरीदाबाद/बल्लभगढ़, धनंजय चौहान। एक महीने से कर्मचारियों का चल रहा प्रदर्शन उग्र होने लगा है। शनिवार को कृष्णा कॉलोनी में कर्मचारियों ने निगम के ठेका कर्मियों को कूड़ा उठाने से रोक दिया। इस दौरान दोनों के बीच जमकर बहसबाजी हुई है, नौबत मारपीट तक पहुंच गई। मामले का वीडियाे वायरल होने के बाद पुलिस ने एएसआई विशाल की शिकायत पर सेक्टर-11 पुलिस चौकी में 3-4 अज्ञात सफाई कर्मचारियों के खिलाफ मुकादमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरु कर दी है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण कृष्णा कॉलोनी में काफी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया था। इससे इलाके में गंदगी बढ़ने के साथ बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा बना हुआ था। स्थिति को देखते हुए नगर निगम की ओर से कूड़ा उठाने के लिए एक ट्रैक्टर और दो सफाई कर्मचारियों को भेजा गया था। आरोप है कि कर्मचारी कूड़ा उठाने का काम शुरू करते, इससे पहले ही 3-4 अज्ञात सफाई कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। शिकायत में आरोप लगाने वाले लोगों के नाम या पहचान का विवरण नहीं दिया गया है। काम रुकने के बाद एएसआई विशाल ने पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस अब कूड़ा उठाने के काम में बाधा डालने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। एएसआई विशाल ने खुलासा किया कि जब वह मौके पर गए तो वहां कोई नहीं था। इतना जरूर है कि एक वीडियो के माध्यम से पता चला कि कूड़ा उठाने का विरोध करने वाले निगम के सफाई कर्मचारी थे。

मंत्री की एस्कॉर्ट गाड़ी पर चढ़े यूनियन नेता

नगर निगम के सफाईकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार को सेक्टर-16 स्थित शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के सेक्टर-16 स्थित कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों कर्मचारियों ने झाड़ू लहराते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह मंत्री के काफिले में शामिल एस्कॉर्ट की स्कॉर्पियो गाड़ी पर चढ़ गए और माइक लेकर ‘हल्ला बोल’ के नारे लगाने लगे। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के अंदर जाने से रोका। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों ने समझाकर बलबीर सिंह को गाड़ी से नीचे उतारा।

31 दिन से हड़ताल पर हैं सफाई कर्मचारी

प्रदर्शनकारी सफाईकर्मी करीब 31 दिन से हड़ताल पर हैं। यूनियन प्रधान बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से एस्मा लगाने की बात कही जा रही है, लेकिन कर्मचारी आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल शुरू होने के बाद मंत्री विपुल गोयल उनसे एक बार भी मिलने नहीं आए। हर बार बातचीत के लिए मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को भेजा जाता है।

ठेका प्रथा खत्म करने की मांग

बलबीर सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मुख्य मांग ठेका प्रथा समाप्त कर उन्हें निगम के पे-रोल पर भर्ती करने की है। उन्होंने बताया कि मंत्री से पांच अगस्त को चंडीगढ़ में मुलाकात हुई थी। इसके बाद एक महीने से कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि महिला सफाईकर्मी भी आंदोलन में उतर रही हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कूड़ा उठाने का काम शुरू नहीं किया जाएगा।

13 मई के समझौते के बाद भी आदेश जारी नहीं होने का आरोप

कैथल नगरपालिका कर्मचारी संघ के पदाधिकारी विक्की टांक के मुताबिक, आठ फरवरी 2026 को सरकार ने आंदोलन के दबाव में पे-रोल कर्मचारियों को पक्का करने का पत्र जारी किया था। इसके बाद 13 मई को हरियाणा भवन में मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके खुल्लर और अधिकारियों के साथ कर्मचारी प्रतिनिधियों की करीब छह घंटे बैठक हुई थी। इसमें मांगें मानने और 20 जून तक परिपत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया था। कर्मचारियों का आरोप है कि अब तक मुख्य मांगों को लेकर आदेश जारी नहीं हुए हैं। पदाधिकारियों के अनुसार, समझौते में प्रदेश के करीब 13 हजार कच्चे सफाई, सीवर और फायर कर्मचारियों को पक्का करने का आश्वासन दिया गया था। 22 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सरकार और कर्मचारी यूनियन के बीच दो दौर की बातचीत हुई। यूनियन का दावा है कि 14 में से 13 मांगों पर सहमति बन गई, लेकिन कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर कानूनी राय लिए जाने के कारण मामला अटक गया है।

सामान्य प्रश्न

✦सफाई कर्मचारी हड़ताल कब से कर रहे हैं?−
प्रदर्शनकारी सफाईकर्मी करीब 31 दिन से हड़ताल पर हैं।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर NewsफरीदाबादFaridabad News: कूड़ा उठाने से रोकने पर सफाई कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज