एलिवेटेड पुल निर्माण के चलते बनाई अस्थाई रोड पर लाइट नहीं, हादसे का खतरा
बल्लभगढ़ में एलिवेटेड पुल के निर्माण के चलते मुकेश कॉलोनी से पंजाबी धर्मशाला तक बनाई गई अस्थाई सड़क पर स्ट्रीट लाइट की कमी से रात में हादसों का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षा इंतजाम की मांग की है। नगर निगम ने जल्द ही लाइट लगाने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया है।

बल्लभगढ़,संवाददाता। एलिवेटेड पुल निर्माण कार्य के चलते मुकेश कॉलोनी से पंजाबी धर्मशाला तक बनाई गई अस्थाई सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने से रात के समय हादसे का खतरा बढ़ गया है। मुख्य मार्ग से यातायात डायवर्ट किए जाने के बाद इस अस्थायी रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है, लेकिन रोशनी के अभाव में वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। शाम होते ही पूरा रास्ता अंधेरे में डूब जाता है। सड़क कई स्थानों पर ऊबड़-खाबड़ है और किनारों पर कच्ची मिट्टी होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब तक एलिवेटेड पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर भारी ट्रैफिक रहेगा, ऐसे में प्रकाश व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।लोगों का आरोप है कि संबंधित विभागों की लापरवाही के चलते स्थिति बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि अस्थायी सड़क पर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके। मामले में पार्षद दीपक यादव ने कहा कि नगर निगम की ओर से पूरे अस्थाई मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। टेंडर हो चुका है और जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। लोगों ने कहा, गड्ढे अंधेरे में दिखाई नहीं देते मुकेश कॉलोनी के राजेश वर्मा ने बताया कि रात के समय सामने से आ रहे वाहन की लाइट के सहारे ही चलना पड़ता है। कई जगह गड्ढे हैं जो अंधेरे में दिखाई नहीं देते। दुकानदार प्रदीप गुप्ता का कहना है कि अंधेरे के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है। ऑटो चालक इमरान खान ने कहा कि सड़क संकरी है और ट्रैफिक ज्यादा है। स्ट्रीट लाइट न होने से हादसे का खतरा बना रहता है। यह मार्ग अस्थाई डायवर्जन के रूप में बनाया गया है। सामान्यतः डायवर्जन पर स्थाई स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई जाती। फिर भी सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही। - रविंदर, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




