Faridabad News: ट्यूशन पढ़ रहे छह बच्चे छत का प्लास्टर गिरने से घायल
Faridabad News: पंजाबी मोहल्ले में ट्यूशन पढ़ने वाले छात्रों पर मकान के बरामदे का प्लास्टर गिर गया, जिससे आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। तीन छात्रों को सिर में चोटें आईं। घटना के बाद परिजनों में चिंता फैल गई और मकान मालिक ने घटनास्थल पर सुरक्षा का ध्यान रखने का आश्वासन दिया।

Faridabad News: बल्लभगढ़, अशोक जैन। पंजाबी मोहल्ले में शनिवार देर शाम ट्यूशन पढ़ने वाले छात्रों के ऊपर मकान के बरामदे के लैंटर का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। इनमें तीन छात्रों के सिर में चोट लगी है। प्लास्टर गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चे डरकर इधर-उधर भागने लगे। घायल छात्रों का निजी स्तर पर उपचार कराया गया। घायल छात्र रजनीश ने बताया कि वह तीसरी कक्षा में पढ़ता है। हादसे के समय जसवंत, बिपिन सहित काफी संख्या में बच्चे ट्यूशन पढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से प्लास्टर गिर गया, जिसकी चपेट में कई बच्चे आ गए। रजनीश के अनुसार, तीन छात्रों के सिर में चोट लगी है, जबकि अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है।
घटना की जानकारी
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के परिजन मौके पर पहुंचे। गली संकरी होने के कारण बच्चों को बाहर निकालने और उपचार के लिए ले जाने में भी परेशानी हुई। हादसे के बाद परिजन काफी चिंतित दिखाई दिए। उनका कहना था कि जिस समय बच्चे पढ़ रहे थे, उस समय अचानक प्लास्टर गिरने की किसी को उम्मीद नहीं थी।
मकान मालिक का बयान
मकान मालिक अशोक कुमार ने बताया कि मंजू बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं। घटना के समय दर्जनभर से अधिक बच्चे ट्यूशन पढ़ रहे थे। इसी दौरान बरामदे के लैंटर का प्लास्टर अचानक गिर गया। उन्हें पहले से ऐसी किसी घटना का अंदेशा नहीं था। हादसे में घायल बच्चों का निजी तौर पर उपचार कराया गया और उनकी चिकित्सकीय जांच भी कराई गई। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि आगे बच्चों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।


