आंधी से पेड़ उखड़े, बिजली गुल होने से परेशानी बढ़ी

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबाद में सोमवार रात आए आंधी-तूफान ने जनजीवन को प्रभावित किया। तेज हवाओं के कारण कई पेड़ टूट गए और बिजली आपूर्ति घंटों तक बाधित रही। हालांकि, आंधी ने गर्मी से थोड़ी राहत भी दी। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आई है, और आगे भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।

आंधी से पेड़ उखड़े, बिजली गुल होने से परेशानी बढ़ी

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में सोमवार देर रात अचानक आए आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के चलते जिले के कई हिस्सों में पेड़ टूटकर गिर गए, जबकि बिजली आपूर्ति भी घंटों तक बाधित रही। हालांकि इस आंधी ने लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दिलाई।सोमवार को सुबह आठ बजे से ही तेज धूप और चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। दोपहर करीब 12 बजे के बाद लू के थपेड़ों ने हालात और बिगाड़ दिए, जिसके चलते सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। शाम सात बजे तक गर्म हवा का असर बना रहा।

रात करीब आठ बजे अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। हल्की हवा के बाद तेज आंधी शुरू हो गई, जिसने कुछ ही देर में पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। सोमवार रात आई तेज आंधी के कारण केसी रोड और सेक्टर-12 स्थित राज्य खेल परिसर वाली सड़क पर बड़े पेड़ टूटकर गिर गए। इसके अलावा खेड़ी मोड़, भूपानी और सेक्टर-14, 15 व 16 में भी पेड़ टूटने की सूचना है। अचानक चली तेज हवाओं के कारण कई घरों में दरवाजे और खिड़कियां खुली होने से शीशे टूट गए, जिससे लोगों को नुकसान भी उठाना पड़ा। धूल-मिट्टी के गुबार ने दृश्यता भी कम कर दी, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।----बिजली आपूर्ति हुई बाधितआंधी शुरू होते ही जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई क्षेत्रों में रात करीब 12 बजे के बाद ही बिजली बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली न आने से परेशान लोग बिजली विभाग के कंट्रोल रूम के नंबरों पर कॉल करते रहे, लेकिन अत्यधिक कॉल के कारण नंबर लगातार व्यस्त आता रहा। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती ने हालात और मुश्किल बना दिए। बता दें कि जिले के सभी पॉश सेक्टर के अलावा भारत कॉलोनी, इंद्रा कॉम्प्लेक्स, बस्सा पाड़ा, एनआईटी एक, दो, तीन, चार और पांच, ग्रेटर फरीदाबाद की कई सोसाइटी, बल्लभगढ़ की कई कॉलोनियों में आंधी शुरू होते ही बिजली गुल हो गई थी।------तापमान में गिरावट से राहत मिलीआंधी के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव देखने को मिला। अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय घने बादल छाए रहने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा और हवा में नमी महसूस की गई।-------आगे भी ऐसा ही मौसम रहने के आसारमौसम विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान करीब 40 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि विभाग ने चेतावनी दी है कि एक मई से गर्मी फिर से अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर सकती है। कुल मिलाकर, आंधी ने जहां एक ओर जनजीवन को प्रभावित किया और नुकसान पहुंचाया, वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को अस्थायी राहत भी दी।----

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।