
स्मार्ट सिटी में ठंडी हवाओं ने कंपकपी छुड़ाई, पारा 12 डिग्री तक लुढ़का
फरीदाबाद में नए साल के दिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडक बढ़ गई। अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंडी हवा और शीत लहर ने लोगों को परेशान किया, खासकर नौकरी पेशा लोगों को। ट्रेनों में भी देरी देखने को मिली, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। शहर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का असर नए साल के दिन भी देखने को मिला। आसमान में दिनभर बादल छाये रहे। ठंडी हवा चलने से दिन और रात का तापमान लगभग एक समान हो जाने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिनभर लोग कड़कड़ाती ठंड से ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो समान्य से करीब 12 डिग्री कम रहा। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया गया है।
गुरुवार को सुबह कोहरा तो नहीं देखने को मिला। लेकिन शीत लहर ने लोगों को घरों में कैद रहने को मजबूर कर दिया है। कड़ाके की ठंड से सबसे अधिक परेशानी नौकरी पेशा लोगों को हुई। इससे वे देर से अपनी कंपनियों और कार्यालयों में पहुंचे। वहीं ठंड से बचने के लिए लोगों ने अलावा का सहारा लिया। एनआईटी पांच नंबर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास लोग आग तापते दिखे। इसी तरह ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने बताया कि पहाड़ों पर एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने लगा है। साथ ही वहां लगातार बर्फबारी भी हो रही है। इसका असर फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। करीब छह किलोमीटर की रफ्तार से उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर से चली हवा से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते हवा में नमी की मात्रा 70 फीसदी से अधिक रह रही है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत के अनुसार गुरुवार को शहर में कोहरे और ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। शुक्रवार को भी घने कोहरे के साथ शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस दैरान अधिकतम 13 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। बच्चे और बुजुर्ग एहतियात बरतें एकॉर्ड अस्पताल के वरिष्ठ अस्थी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामचंद्र सोनी ने बताया कि ठंड से बचाव रखना जरूरी है। खासतौर पर बच्चे व बुजुर्ग एहतियात बरतें। ठंड में खानपान का विशेष ध्यान रखें। ज्यादा देर रखा भोजन बिल्कुल न करें। जंक फूड का सेवन करने से परहेज करें। तली हुई चीजों का सेवन कम करें। लंबी दूरी की ट्रेने पांच घंटे देरी से पहुंची कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनों के परिचालन पर दिखाई दिया। अन्य राज्यों से आने वाली ट्रेने गुरुवार को फरीदाबाद, न्यू टाऊन और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय से दो से पांच घंटे देरी से पहुंची। ऐसे में यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।इस दौरान सबसे ज्यादा पश्चिम एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, पंजाब मेल, इंदौर एक्सप्रेस और दिल्ली-मथुरा जाने वाली लोकल ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंची।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




