
अधिवक्ता के साथ मारपीट करने के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद में मेडिचेक अस्पताल के सामने एक अधिवक्ता और उसके साथियों पर हुए हमले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गाड़ी हटाने के लिए कहने पर हमला किया। इनमें एक डॉक्टर भी शामिल है। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। अपराध जांच शाखा सेक्टर-48 की टीम ने मेडिचेक अस्पताल के सामने कार सवार अधिवक्ता और तीन उसके साथियों पर हमला करने के मामले में एक डॉक्टर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गाड़ी हटाने की कहने पर आरोपियों ने सात दिसंबर की देर रात हमला कर दिया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलवल निवासी नरेश, घनश्याम और फरीदाबाद की अलग-अलग कॉलोनियों में रहने वाले अभिषेक, गौरव, उमाशंकर, अजय और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि एनआईटी-एक स्थित नरेश मेडिचेक अस्पताल में सिक्योरिटी का काम करता है।

सात-आठ दिसंबर कि रात को वह अपने दोस्त राजू और अभिषेक के साथ गाड़ी में बैठा हुआ था। जब अधिवक्ता और उसके साथियों ने गाड़ी को रास्ते से गाड़ी हटाने के लिए कहा था। इससे गुस्सा होकर आरोपी ने अस्पताल से अपने अन्य साथियों को बुलाकर डंडाें और ईंट से हमला बोल दिया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक डॉक्टर(बीएएमएस) भी शामिल है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बता दें कि एनआईटी निवासी सुनील भाटिया सात दिसंबर की देर रात अपने दोस्त अधिवक्ता भूपेश जोशी, रोहित खत्री और एक अन्य गुरुचरण सिंह केसाथ वृंदावन जा रहे थे। मेडिचेक अस्पताल के सामने झगड़ा होने पर कोतवाली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया था। झगड़े का पता चलने पर जिला बार एसोसिएशन ने सोमवार को कामकाज स्थगित कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद मंगलवार को अधिवक्ता काम पर लौट आए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


