डीजी जेल ने नीमका पहुंचकर कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

Feb 11, 2026 08:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

बल्लभगढ़, संवाददाता। संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान हत्याकांड के दो दिन बाद जेल महानिदेशक आलोकडीजी जेल ने नीमका पहुंचकर कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था का जाय

डीजी जेल ने नीमका पहुंचकर कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया

बल्लभगढ़, संवाददाता। संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान हत्याकांड के दो दिन बाद जेल महानिदेशक आलोक मित्तल नीमका जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हत्याकांड के बारे में जानकारी जुटाने से लेकर जेल के बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बुधवार सुबह वह करीब 11:00 बजे नीमका जेल पहुंच गए थे। यहां उन्होंने बंदियों की संख्या और कुख्यात बंदियों का ब्योरा जुटाया। इस दौरान उनसे संबंधित रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज तथा ड्यूटी रजिस्टर आदि की गहन जांच की। सूत्रों के अनुसार जेल महानिदेशक ने सबसे पहले उस बैरक का निरीक्षण किया, जहां पर संदिग्ध आतंकी की हत्या की गई थी।

इसके बाद उन्होंने जेल अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस घटना का पूरा ब्योरा लेने के बाद , ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने जेल के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की निगरानी प्रणाली तथा हाई-रिस्क कैदियों की निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की। सूत्रों का कहना है कि जेल महानिदेशक ने जेल प्रशासन से घटना से जुड़े सभी दस्तावेज, बंदियों का मूवमेंट रजिस्टर, गिनती रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज की रिपोर्ट तलब की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त की जाए। उन्होंने संवेदनशील कैदियों की जानकारी जुटाकर उनकी सुरक्षा पर ध्यान देने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जेल महानिदेशक ने जेल स्टाफ से भी बातचीत की और घटना के समय की स्थिति के बारे में जानकारी ली। -- गैंगस्टर रोहित गोदारा से संपर्क की जांच होगी: संदिग्ध आतंकीकी हत्या के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के गुर्गे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी कि जो देश के खिलाफ जाएगा। उसका यही अंजाम होगा। यह पोस्ट गैंगस्टर के कथित गुर्गे महेंद्र डेलाना ने डाली थी। पुलिस का मानना है कि जब किसी को हत्या का पता नहीं था, उस वक्त आरोपी ने यह पोस्ट डाल दी थी। इसे देखते हुए अपराध शाखा इस मामले में आरोपी अरुण चौधरी के रोहित गोदारा गैंग से संपर्क का पता लगाएगी। उधर, अपराध शाखा, डीएलएफ ने संदिग्ध आतंकी की हत्या करने के आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए अदालत में प्रोडेक्शन वारंट लगा दिया है। अदालत 16 फरवरी को मामले की सुनवाई करेगी। बता दें कि आठ फरवरी की देर रात अयोध्या राम मंदिर पर हमले की साजिश के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की आरोपी अरुण चौधरी ने पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी थी। जेल में सतर्कता बढ़ाई गई: जेल में हत्या होने और जेल महानिदेशक के दौरे के बाद जेल प्रशासन में सतर्कता और बढ़ा दी है। अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ बैरकों की निगरानी को और कड़ा कर दिया गया है। बता दें कि संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या के बाद से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल उठ रहे हैं। इसी वजह से जेल महानिदेशक ने जेल का दौरा किया है। -------------------------- संदिग्ध आतंकी अब्दुल का शव सुपुर्दे खाक अयोध्या। आतंक के आरोप में हरियाणा की नीमका सेंट्रल जेल में बंद अब्दुल रहमान का शव बुधवार कड़ी सुरक्षा के बीच कब्रिस्तान में दफन कर दिया गया। बुधवार सुबह पिता इकलौते बेटे का शव लेकर वापस गांव पहुंचे थे। इनायतनगर थाने के मजनाई बाजार निवासी युवक अब्दुल रहमान को गुजरात एटीएस की मदद से पलवल एसटीएसफ ने आतंकी गतिविधि में लिप्त होने के आरोप में फरीदाबाद स्थित पाली गांव स्थित एक फार्म हॉउस के ट्यूवबेल के कमरे से दो मार्च की रात दो जिन्दा हैण्ड ग्रेनेड, डेटोनेटर और दो पिन के साथ गिरफ्तार किया था। मामले में विस्फोटक पदार्थ और आयुध अधिनियम की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आपसी विवाद में उसकी जम्मू निवासी अरुण चौधरी ने हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम के बाद हरियाणा राज्य की पुलिस ने शव को उसके पिता के हवाले किया और उसके बाद एंबुलेंस से शव को गांव लाया गया। मृतक के पिता अब्दुल रहमान का आरोप है कि उनके बेटे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कराई गई है। सरकर और प्रशासन को मामले की उच्चस्तरीय जांच करवानी चाहिए और घटना के लिए जिम्मेदार सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर अजय सिंह ने बताया कि रीति-रिवाज के मुताबिक परिवार ने शव का अंतिम संस्कार किया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।