लाल सिंह की टिक्की का स्वाद दिल्ली छह के जायकों की दिला रही याद
फरीदाबाद के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला में दिल्ली छह के लजीज व्यंजनों की धूम मची हुई है। पर्यटक आलू की टिक्की, भल्ला पापड़ी, दही भल्ला और राम लड्डू जैसे विशेष चाट का आनंद ले रहे हैं। लाल सिंह का स्टॉल हमेशा भीड़ से भरा रहता है, क्योंकि वे स्वाद और गुणवत्ता पर ध्यान देते हैं।

फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के फूड कोर्ट में इन दिनों दिल्ली छह के स्वादिष्ट व्यंजनों की खास धूम देखने को मिल रही है। मेले में पहुंचने वाले पर्यटक न केवल हस्तशिल्प की खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि पुरानी दिल्ली के लजीज चाट-पकवानों का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं। देशी घी में सिकी आलू की टिक्की की खुशबू दूर से ही लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेती है। गरमा-गरम टिक्की जब तवे पर सुनहरी होती है तो आसपास खड़े लोग खुद को रोक नहीं पाते। लाल सिंह अपने स्टॉल पर पर्यटकों को दिल्ली छह के असली जायकों से रूबरू करवा रहे हैं।
उनका कहना है कि वे स्वाद और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करते, यही वजह है कि उनके स्टॉल पर हर समय भीड़ लगी रहती है। इनका स्वाद भी ले सकते हैं स्टॉल पर टिक्की के अलावा भल्ला पापड़ी, दही भल्ला और पापड़ी चाट भी खास आकर्षण का केंद्र हैं। दही और इमली की मीठी-खट्टी चटनी के साथ परोसी जाने वाली चाट लोगों को बार-बार आने पर मजबूर कर रही है। इसके साथ ही मूंग दाल पनीर चिल्ला और भरवां गोलगप्पे भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। खास मसालेदार पानी और अलग-अलग स्टफिंग वाले गोलगप्पे युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं। इसके अलावा राम लड्डू भी स्टॉल की विशेष पहचान बने हुए हैं। हरी चटनी और कद्दूकस की हुई मूली के साथ परोसे जाने वाले ये राम लड्डू पर्यटकों को पुरानी दिल्ली की गलियों की याद दिला रहे हैं। लाल सिंह का कहना है कि मेले में आने वाले लोग खाने के साथ यादें भी ले जाते हैं। दिल्ली छह के जायकों का यही असली मकसद है कि लोग स्वाद के साथ परंपरा का अनुभव भी करें। फूड कोर्ट में उमड़ रही भीड़ यह साबित कर रही है कि सूरजकुंड मेला केवल कला और संस्कृति का ही नहीं, बल्कि लजीज व्यंजनों का भी उत्सव बन चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




