ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादहिंसा के लिए संघ और भाजपा जिम्मेदार : कांग्रेस

हिंसा के लिए संघ और भाजपा जिम्मेदार : कांग्रेस

दो अप्रैल को देशव्यापी दलित आंदोलन में हुई हिंसक वारदात से आहत कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमवार को उपवास पर रहे और...रघुपति राघव राजा राम, भाजपा को संमति दे भगवान गाते रहे। कांग्रेसियों ने सेक्टर-12 स्थित...

हिंसा के लिए संघ और भाजपा जिम्मेदार : कांग्रेस
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादMon, 09 Apr 2018 06:38 PM
ऐप पर पढ़ें

दो अप्रैल को देशव्यापी दलित आंदोलन में हुई हिंसक वारदात से आहत कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमवार को उपवास पर रहे और...रघुपति राघव राजा राम, भाजपा को संमति दे भगवान गाते रहे। कांग्रेसियों ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सामने गांधीवादी तरीके से उपवास किया और हिंसा के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।

सांप्रदायिक सद्भावना एवं देश में अमन-शांति के लिए सामूहिक उपवास स्थल पर कांग्रेस के जिलास्तरीय अधिकांशत: बड़े नेता एक साथ दिखाई दिए। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि देश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और दलितों पर अत्याचार करना आरएसएस व भाजपा की मानसिकता में है। जिन प्रदेशों में हिंसा भड़की है वो सभी भाजपा शासित प्रदेश हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दिशा-निर्देश पर सोमवार को सभी कांग्रेसियों ने एक दिन का उपवास किया और जिला मुख्यालय पर धरना दिया। कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार से देश में अमन, शांति व भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उपवास एवं धरना स्थल पर विधायक ललित नागर, पूर्व विधायक आनंद कौशिक, शारदा राठौर, मोहम्मद बिलाल, अनीषपाल, विकास चौधरी, एसएन शर्मा, सुमित गौड़ अशोक रावल, रेनू चौहान, सीमा जैन, आदि बैठे। बल्लभगढ़ अनाजमंडी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ..रघुपति राघव राजा राम की धुन सुनते हुए उपवास रखा।

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तरुण तेवतिया के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया। यहां भी युवाओं ने दो अप्रैल 2018 को भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के लिए भाजपा और आरएसएस के प्रशिक्षित लोगों को जिम्मेवार ठहराया। इस मौके पर सिद्धार्थ प्रताप सिंह, गौतम पराग, वरुण तेवतिया, विनय भाटी, धीरज रावल, अमित तंवर, अरुण डागर आदि मौजूद रहे।

एक जुट दिखे कांग्रेसी :

उपवास स्थल पर कांग्रेसी एकजुट दिखाई दिए। इसमें हुड्डा गुट और तंवर गुट के नेताओं ने एक साथ भाग लिया। दोनों गुट एक साथ उपवास स्थल पर दिखाई दिए, हालांकि इसमें दो बड़े नेता पूर्व मंत्री एसी चौधरी और महेंद्रप्रताप नहीं पहुंचे। बाकी अधिकाश: जिले में कांग्रेस के बड़े नेता एक साथ दिखाई दिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें