
स्मार्ट सिटी मे वाहन और साइलेंसर चोरी की बढ़ रही वारदात
फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी में वाहन और साइलेंसर चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। जनवरी से अब तक एक हजार से अधिक वाहन और दो हजार से ज्यादा साइलेंसर गायब हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस...
फरीदाबाद, कार्यालय संवाददाता। स्मार्ट सिटी में वाहन और उसके साइलेंसर चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। जनवरी से अबतक शहर में एक हजार से अधिक वाहन और करीब दो हजार से अधिक वाहनों के साइलेंसर गायब किए जा चुके हैं। इससे आमजनों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चोरों पर कड़ी कार्रवाई करे। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद को औद्योगिक नगरी के रूप में भी जाना जाता है। यहां प्रदेश में गुरुग्राम के बाद सबसे अधिक वाहन है। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद में छोटे-बड़े वाहनों की संख्या 16 लाख से अधिक है। इनमें बाइक की संख्या सबसे अधिक है।
इससे सड़क पर अक्सर दबाव बना रहता है। लोगों का कहना है कि शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से वह बाजार के बाहर सड़क किनारे वाहन पार्क कर रहे हैं। इसका फायदा उठाकर चोर उनके वाहन गायब कर रहे हैं। इससे उनकी चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा चोर घरों के बाहर खड़ी लग्जरी कार आदि के साइलेंसर भी खूब गायब कर रहे हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि वारदात की शिकायत करने पर पुलिस तुरंत सहायता नहीं करती है। शिकायत बावजूद समय पर मामला दर्ज नहीं किया जाता। इससे चोरों को फायदा मिलता है। जबतक पुलिस कार्रवाई शुरू करती है, चोर वाहन या साइलेंसर चुराकर फरार गए रहते हैं। वारदात बढ़ने की यह है वजह स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर स्थित अधिकांश चौराहों पर करीब 1200 के आसपास सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं। बावजूद अभी भी शहर में कई प्रमुख स्थान हैं, जहां कैमरे नहीं हैं। इन्हीं स्थानों पर चोरी की वारदात अधिक हो रही है। इसके अलावा शहर में वैध पार्किंग नहीं हैं, जिससे कि लोगों को वाहन पार्क करने के लिए जगह नहीं मिलती। ऐसे में वह जहां-तहां वाहन पार्क करते हैं। इसका फायदा चोर उठाकर उनकी वाहन गायब कर रहे हैं। आदेश के बावजूद नहीं थम रही वारदात अप्रैल माह में पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पंचकुला में क्राइम सीमक्षा बैठक की थी। बताया जा रहा है कि उसमें उन्होंने में वाहन चोरी पर चिंता जाहिर की थी। उन्होंने अधिकारियों से वाहन चोरी की वारदातों को रोकने के आदेश दिए थे। सभी से कहा गया था कि वह वाहन चोरों को जल्द गिरफ्तार करें। बावजूद शहर में चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही है। यहां चोरी अधिक जानकारी के अनुसार, चोर सबसे ज्यादा उन इलाकों को अपना निशाना बना रहे हैं, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इसके अलावा बाजारों के बाहर सड़क किनारे पार्क वाहनों को भी चुरा रहे हैं। एनआईटी एक मार्केट, डबुआ सब्जी मंडी, सेक्टर-22 मछली मार्केट, सराय ख्वाजा, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पल्ला, सेहतपुर, आदि ऐसे जगह व बाजार हैं, जहां वाहन की चोरी अधिक हो रही। जानकार की मानें तो बाजारों में सड़क किनारे पार्क वाहनों सबसे अधिक चोरी हो रही है। साथ ही उन कॉलोनियों से भी चोरी हो रही है। इस साल एक हजार वाहन हुए गायब जानकारी के अनुसार जनवरी से अबतक स्मार्ट सिटी में अबतक करीब 1000 वाहन गायब हुए हैं। बताया जा रहा है कि स्मार्ट सिटी में सक्रिय चोर हर दिन चार से पांच वाहन गायब कर रहे हैं। इसके अलावा एक से दो वाहनों के साइलेंसर आदि भी गायब कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि साइलेंसर में लगी मिट्टी में चांदी आदि के कण मिले होते हैं, इस बाबत चोर लग्जरी वाहनों के साइलेंसर चोरी कर रहे हैं। रोजाना तीन से चार आरोपी हो रहे गिरफ्तार पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बीते कुछ सालों की अपेक्षा मौजूदा समय में शहर में वाहन चोरी की वारदातों में कमीं आ रही है। लोग जागरूक भी हो रहे हैं और असुरक्षित जगहों पर वाहन को पार्क करने से परहेज कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल वाहन चोरी की वारदात में एक से दो फीसदी की कमीं आई है। इसके अलावा पुलिस ने साल-2020 से अबतक करीब चार हजार 137 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। लोग भी बरतें सावधानी पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वाहन चोरी की वारदात पर विराम लगाने में लोगों को जागरूक होना चाहिए और पुलिस का साथ देना चाहिए। खुद भी सतर्क व जागरूक होने की जरूरत है। सड़क पर जहां-तहां वाहन पार्क नहीं करें। बाजारों के प्रवेश-निकास के गेट पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगे होने चाहिए। ऑटो मोबाइल कंपनी वाहनों के ऑटोमेटिक लॉक में करे। वाहन में अलार्म की व्यवस्था होनी चाहिए। इस साल पुलिस ने 200 से अधिक वाहन चोरों केा गिरफ्तार किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




