गर्मी बढ़ने के साथ ही सामने आने लगे जलजनित बीमारियों के मरीज
फरीदाबाद में गर्मी बढ़ने के साथ ही जलजनित बीमारियों का प्रकोप शुरू हो गया है। बीके अस्पताल में 30 से अधिक मरीज डायरिया, उल्टी और वायरल बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे हैं। डॉक्टरों ने दूषित पानी के सेवन से बचने और साफ-सफाई पर ध्यान देने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। जिले में गर्मी के तेवर तेज होते ही जलजनित बीमारियों ने भी दस्तक दे दी है। बुधवार को बीके अस्पताल में 30 से अधिक मरीज डायरिया, उल्टी, दस्त और वायरल बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें बच्चों के साथ-साथ नौकरीपेशा लोगों की संख्या अधिक रही। डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में लगातार बढ़ोतरी और दूषित पानी के सेवन के कारण इस तरह के मामलों में इजाफा हो रहा है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को चिकित्सकों ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्हें बाहर का खाना और खुले में मिलने वाले पेय पदार्थों से परहेज करने के लिए कहा गया है।
डॉक्टरों के अनुसार, इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है। बता दें कि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी के पड़ने की संभावना व्यक्त की है। अगले सप्ताह की शुरुआत 40 डिग्री पार तापमान से हो सकती है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। ऐसे में डिहाईड्रेशन एवं हीट स्ट्रोक के मरीजों के बढ़ने की भी आशंका है। ओपीडी में आने वाले मरीजों को घर से निकलते समय साथ में पानी की बोतल रखने और सिर का ढकने की सलाह भी दे रहे हैं। बीके अस्पताल के सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि गर्मी में रहेड़ी पटरियों पर बिकने वाला खाने-पीने का सामान जल्द खराब होता है। बीमार होने से बचने के लिए इन्हें खाने से परहेज करना चाहिए। उल्टी-दस्त और पेट दर्द के अलावा फूड पॉइजिंग का भी कारण बनता है।गर्म हवा ने बढ़ाया तापमानबुधवार को गर्म हवा ने अधिकतम तापमान को दो डिग्री बढ़ा दिया। अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यून तापमान में भी तीन डिग्री बढ़ोतरी हुई। न्यूनतम तापमान 23 डिग्री पहुंच गया। घर को केवल कूलर और एसी के आगे ही गर्मी से राहत मिल रही है। अचानक बढ़ी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। सुबह 10 बजे तक ठंडी महसूस होने वाली दोपहर 12 बजे तक गर्मी हो गई। लोग खुद को गर्मी से बचाव करते देखे गए।दोपहर में सूनी रहीं सड़केंदोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवा के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। शाम पांच बजे तक गर्म हवा का प्रभाव देखने को मिला। इसके बाद जिलेवासियों को गर्मी से मामूली राहत मिली।स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सावधानी बरतने की अपीलस्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी जल्दी दूषित हो जाता है, जिससे डायरिया और अन्य जलजनित रोग तेजी से फैलते हैं। ऐसे में नागरिकों को उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीना चाहिए।अपने स्टॉक को दुरुस्त करने में जुट बीके अस्पतालतापमान अधिक होने के साथ ही जल जनित बीमारियों के बढ़ने की भी आशंका है। ऐसे में बीके अस्पताल प्रबंधन उपचार के लिए सभी आवश्यक दवाओं सहित अन्य संसाधनों को जुटाने के आदेश दिए गए हैं। जलजनित की बीमारियों के लिए आवश्यक दवाओं की सूची बनाकर जल्द से जल्द ऑर्डर देने के लिए कहा गया है।गर्मियों में दूषित पानी पीने, दूषित खाने या रेहड़ियों पर बिकने वाले कट फल खाने से जल जनित बीमारियों का खतरा रहता है। इससे बचाव के सतर्कता आवश्यक है। लोगों से अपील है कि वह घर से पानी लेकर चलें और घर का ही बना भोजन करें। हमने दवाओं का ऑर्डर दिया है।-डॉ. रामभगत, कार्यकारी प्रधान चिकित्सा अधिकारी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


