Faridabad News: सेक्टर-8 और 11 के बाजार नए सिरे से बनेंगे
Faridabad News: फरीदाबाद में सेक्टर-8 और सेक्टर-11 के प्रमुख बाजारों का जीर्णोद्धार शुरू किया जाएगा। नगर निगम ने सड़क, इंटरलॉकिंग टाइलें, जल निकासी, और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्णय लिया है। साथ ही रेहड़ी-खोमचे वालों के लिए अलग जोन बनाने की योजना भी है।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। शहर की दो प्रमुख बाजारों सेक्टर-8 और सेक्टर-11 मार्केट का जल्द ही नए सिरे से विकसित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने दोनों बाजारों के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बाजारों में सड़क, इंटरलॉकिंग टाइलें, जल निकासी व्यवस्था, पैदल मार्ग और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। सेक्टर-8 और 11 दोनों शहर के सबसे पुराने बाजारों में शामिल हैं। समय के साथ सड़कें और फुटपाथ क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान जलभराव और टूटी टाइलों के कारण लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। लोगों को पानी में घुस कर मार्केट तक पहुंचना पड़ता है। वहीं पार्किंग में जगह-जगह अतिक्रमण है, जिसे देखते हुए दोनों मार्केट को आधुनिक स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। योजना के तहत पुरानी और जर्जर सड़कों को हटाकर नए सिरे से बनाई जाएगी। बाजारों में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई जाएंगी, बारिश के पानी निकासी व्यवस्था सुधारी जाएगी और जरूरत के हिसाब से अन्य सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। साथ ही बाजारों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा, जिससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बेहतर माहौल मिल सके। इसके लिए नगर निगम ने सेक्टर-11 मार्केट के पुनर्विकास पर करीब 1.17 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। वहीं सेक्टर-8 मार्केट के विकास कार्य के लिए भी अलग से बजट स्वीकृत किया गया है। दोनों योजनाओं के पूरे होने के बाद बाजारों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण एजेंसियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर विकास कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। निगम का प्रयास रहेगा कि निर्माण कार्य के दौरान व्यापारिक गतिविधियां कम से कम प्रभावित हों。
रेहड़ी-खोमचे वालों के लिए बनेगा अलग जोन
सेक्टर-8 और सेक्टर-11 मार्केट के पुनर्विकास के दौरान रेहड़ी-खोमचे लगाने वालों के लिए भी अलग स्थान निर्धारित किया जाएगा। नगर निगम की योजना है कि उन्हें व्यवस्थित तरीके से एक तय जोन में जगह दी जाए, ताकि बाजार की सड़कों और पैदल मार्गों पर अतिक्रमण न हो। इससे ग्राहकों की आवाजाही आसान होगी और रेहड़ी संचालकों को भी स्थायी व व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा।
पुनर्विकास की योजना
सेक्टर-8 और सेक्टर-11 मार्केट के पुनर्विकास की योजना तैयार की गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अगले महीने से काम शुरू होने की उम्मीद है।
-ओमबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता, नगर निगम
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


