Faridabad News: सात मार्केट की सड़कें जलभराव से मुक्त हुईं

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

Faridabad News: फरीदाबाद के सेक्टर-सात मार्केट में लंबे समय से जलभराव की समस्या थी, जिसे नगर निगम प्रशासन ने पाइपलाइन डालकर सुधारने का प्रयास किया है। अब बारिश के पानी की निकासी 12 से 15 घंटों में संभव हो रही है, जबकि पहले यह 36 से 48 घंटे तक रहती थी।

Faridabad News: सात मार्केट की सड़कें जलभराव से मुक्त हुईं

Faridabad News: फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रही सेक्टर-सात मार्केट के दुकानदारों और स्थानीय लोगों के लिए राहत की खबर है। नगर निगम प्रशासन की ओर से पानी निकासी के लिए पाइपलाइन डाले जाने के बाद अब यहां बारिश का पानी पहले की तुलना में तेजी से निकल रहा है। 36 से 48 घंटे तक लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ता था। वहीं अब करीब 12 से 15 घंटे में पानी की निकासी हो रही है। सेक्टर-सात मार्केट शहर के बीचों-बीच स्थित है और यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। कुछ ही देर की बारिश में यहां दो फीट तक पानी जमा हो जाता था। फिर 36 घंटे तक पानी की निकासी नहीं होती थी। लंबे समय से जलभराव के कारण दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही थी। बारिश के बाद मार्केट की सड़कों पर पानी भरने के साथ-साथ आसपास की गलियों में भी पानी घुस जाता था। कई बार दुकानों के सामने पानी जमा रहने से कारोबार प्रभावित होता था। जलभराव के कारण ग्राहक भी इस मार्केट में आने से बचते थे और आसपास की दूसरी मार्केट का रुख करते थे। स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से यहां स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की जा रही थी। इस बार नगर निगम प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाते हुए पानी निकासी के लिए पाइपलाइन डाली। इसके बाद बारिश के पानी की निकासी में काफी सुधार हुआ है। पहले जहां पानी दो से तीन दिन तक जमा रहता था, अब 12 से 15 घंटों में ही जलभराव काफी हद तक समाप्त हो जाता है।

सरकारी स्कूल के पास अब भी जलभराव की समस्या:

सेक्टर-सात में जलभराव की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। सरकारी स्कूल के पास अभी भी बारिश का पानी जमा है। बारिश के करीब 48 घंटे बाद भी यहां पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस क्षेत्र में अभी पानी निकासी के लिए पाइपलाइन नहीं है। सेक्टर-सात निवासी डॉ. कमल गुप्ता बताते हैं कि सेक्टर के सी-ब्लॉक में केएल मेहता स्कूल के पास भी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। यहां भी पानी निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। यहां पाइप लाइन डालने की जरूरत है।

जलभराव खत्म करने के प्रयास:

‘सेक्टर-सात में पानी निकासी के लिए पाइपलाइन डाली गई है। इसके चलते अब करीब 12 घंटे में पानी की निकासी संभव हो रही है। सेक्टर-सात के अलावा सेक्टर-आठ मार्केट के आसपास, सेक्टर-नौ, सेक्टर-16ए स्थित सर्किट हाउस रोड समेत कई जलभराव वाले क्षेत्रों में भी पानी निकासी के इंतजाम किए गए हैं। इससे बारिश के बाद पानी तेजी से निकल रहा है। जिन स्थानों पर अभी समस्या बनी हुई है, वहां भी जल्द पानी निकासी के इंतजाम किए जाएंगे’

- संजीव कुमार, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

सेक्टर-सात मार्केट में जलभराव की समस्या कब से है?
सेक्टर-सात मार्केट में वर्षों से जलभराव की समस्या थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsएनसीआर NewsफरीदाबादFaridabad News: सात मार्केट की सड़कें जलभराव से मुक्त हुईं