गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के साथ पंजाब, राजस्थान, यूपी और हिमाचल की संस्कृति दिखेगी
फरीदाबाद में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के तहत मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जोरदार रिहर्सल की गई। पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, और स्कूली छात्रों ने मिलकर अनुशासन के साथ अभ्यास किया। समारोह में विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक दिखाने के साथ-साथ समग्र शिक्षा अभियान की योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

-पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, हिंदुस्तान स्काउट्स, प्रजातंत्र के प्रहरी विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट रिहर्सल की फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड के मैदान पर बुधवार को भी जोरदार रिहर्सल जारी रही। जिला स्तरीय कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए स्कूली छात्रों, विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संगठनों ने सुबह 9:00 से दोपहर 1:00 बजे तक अभ्यास किया। तेज धूप और पसीने से तरबतर होने के बावजूद प्रतिभागियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। छात्रों ने अनुशासन, तालमेल और जोश के साथ अभ्यास कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष रूप से तैयारियां चल रही हैं। समारोह में हिस्सा लेने वाले जिलेवासियों को हरियाणा के अलावा देश के अन्य राज्यों की संस्कृति की झलक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी। इस वर्ष कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति को मंच पर उतारा जाएगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की लोक-संस्कृति को विशेष रूप से दर्शाया जाएगा। छात्र पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत करेंगे, जिससे भारत की एकता में अनेकता की झलक साफ दिखाई देगी। पंजाब की संस्कृति को भांगड़ा और गिद्दा के माध्यम से जीवंत किया जाएगा, वहीं हरियाणा की लोक परंपरा को रागिनी और धमाल नृत्य के जरिए दर्शाया जाएगा। राजस्थान की रंगीन संस्कृति कालबेलिया और घूमर नृत्य के रूप में मंच पर उतरेगी, जबकि उत्तर प्रदेश की संस्कृति कथक और लोकनृत्य के जरिए प्रस्तुत की जाएगी। हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को नाटी नृत्य के माध्यम से दिखाया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के जरिए छात्र न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत से भी दर्शकों को रूबरू कराएंगे। मार्च पास्ट की भी रिहर्सल की सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ मार्च पास्ट की रिहर्सल भी पूरे जोश और अनुशासन के साथ की गई। पुलिस विभाग, होम गार्ड, एनसीसी के छात्र एवं छात्राओं, हिंदुस्तान स्काउट्स, भारत स्काउट्स, भारत गाइड, प्रजातंत्र के प्रहरी, एनसीसी जूनियर आर्मी, एनसीसी जूनियर नेवी छात्र एवं छात्राओं, सेंट जॉन ब्रिगेड, एनएसएस ब्रिगेड और स्कूली विद्यार्थियों ने कदमताल करते हुए मैदान में अभ्यास किया। मार्च पास्ट के दौरान सभी टुकड़ियों ने अनुशासन, एकरूपता और तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया। रिहर्सल के दौरान अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। समग्र शिक्षा अभियान की योजनाओं को दर्शाएगी झांकियां जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में शिक्षा विभाग की ओर से समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों में चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, खेल विभाग, नगर निगम सहित अन्य विभागों द्वारा झांकियां तैयार की जा रही है। जल्द ही सभी विभागों की झांकियों की थीम सार्वजनिक होगी। जिला शिक्षा विभाग के परियोजना समन्वयक डॉ. मनोज मित्तल ने बताया कि हमारी समग्र शिक्षा अभियान के तहत चलाई जा रही योजनाओं को प्रदर्शित करती हुई झांकी तैयार कराई जा रही है। पलवल में भी रिहर्सल हुई गणतंत्र दिवस को देशभक्ति से ओतप्रोत व रंगारंग रूप देने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मार्च पास्ट व पीटी, डंबल व लेजियम के प्रतिभागी रिहर्सल में जुटे हुए हैं। प्रतिभागियों ने मंगलवार को उपायुक्त डाॅ. हरीश कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित पूर्वाभ्यास में एमडी पलवल शुगर मिल द्विजा व सीटीएम प्रीति रावत की गरिमामयी उपस्थिति में मार्च पास्ट, पीटी, डंबल, लेजियम व विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। एमडी द्विजा व सीटीएम प्रीति रावत ने विभिन्न कार्यक्रमों और सांस्कृतिक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कार्यक्रमों के इंचार्ज को आवश्यक निर्देश देते हुए गणतंत्र दिवस समारोह में बेहतरीन स्तुतियां देने के लिए प्रोत्साहित किया। बता दें कि जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने उपरांत परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


