Faridabad News: राजा नाहर सिंह महल पर डाक विभाग ने जारी किया विशेष आवरण
Faridabad News: -महल को संग्रहालय बनाने और कार्तिक मेले को दोबारा शुरू कराने की मांग उठी*-1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राजा नाहर सिंह के बलिदान और ऐतिहासिक विरासत को सहेजने पर जोर*बल्लभगढ़, संवाददाता। बल्लभगढ़ के...

Faridabad News: -महल को संग्रहालय बनाने और कार्तिक मेले को दोबारा शुरू कराने की मांग उठी* -1857 के स्वतंत्रता संग्राम में राजा नाहर सिंह के बलिदान और ऐतिहासिक विरासत को सहेजने पर जोर*
राजा नाहर सिंह महल पर विशेष डाक आवरण
बल्लभगढ़, संवाददाता। बल्लभगढ़ के ऐतिहासिक राजा नाहर सिंह महल पर सोमवार को भारतीय डाक विभाग ने विशेष डाक आवरण जारी किया। इस मौके पर महल को संग्रहालय के रूप में विकसित करने और यहां लगने वाले पारंपरिक कार्तिक मेले को दोबारा शुरू कराने की मांग उठी। वक्ताओं ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राजा नाहर सिंह का योगदान देश के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनकी वीरता, संघर्ष और बलिदान की विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
फरीदाबाद मंडल के डाक अधीक्षक आरए यादव ने बताया कि डाक विभाग हर साल नौ से 15 अक्तूबर तक डाक सप्ताह मनाता है। इसी के तहत इस बार राजा नाहर सिंह महल पर विशेष डाक आवरण जारी करने का निर्णय लिया गया। इस विशेष आवरण की कीमत 20 रुपये रखी गई है। कार्यक्रम में मौजूद प्रतिनिधियों ने इस पहल के लिए डाक विभाग का आभार जताया। साथ ही महल के संरक्षण, संग्रहालय निर्माण और कार्तिक मेले को दोबारा शुरू कराने की मांग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर सहायक अधीक्षक मुख्यालय शैलेंद्र सिंह, डाक विभाग के इंस्पेक्टर प्रदीप नरवाल, भारतीय जाट समाज के अध्यक्ष सुभाष, कंवर नरवीर सिंह तेवतिया, संदीप चौधरी, सुखपाल और डॉ. सरूप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
महल संरक्षण और कार्तिक मेले की मांग
-------
संग्रहालय बनने से नई पीढ़ी को मिलेगी जानकारी
कार्यक्रम में कंवर नरवीर सिंह तेवतिया ने कहा कि राजा नाहर सिंह महल को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले लोगों को उनके जीवन, वीरता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रशासन से सूरजकुंड मेले के बाद कार्तिक मेले के आयोजन की योजना बनाने की मांग की। इससे बल्लभगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
-------
राजा नाहर सिंह का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान
1857 के संग्राम में निभाई थी अहम भूमिका
राजा नाहर सिंह का जन्म छह अप्रैल 1821 को बल्लभगढ़ में हुआ था। वह जाटों के तेवतिया वंश से संबंधित थे। उनके पिता राजा राम सिंह थे। पिता के निधन के बाद उन्होंने कम उम्र में राजकाज की जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 1839 में बल्लभगढ़ की गद्दी पर बैठे। दिल्ली और आगरा मार्ग पर स्थित होने के कारण बल्लभगढ़ सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था। राजा नाहर सिंह ने अपने राज्य की रक्षा के साथ दिल्ली में अंग्रेजों के खिलाफ चल रहे विद्रोह में भी अहम भूमिका निभाई। सितंबर 1857 में दिल्ली पर दोबारा कब्जे के बाद अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। विद्रोहियों की सहायता करने के आरोप में मुकदमा चलाया गया और नौ जनवरी 1858 को दिल्ली के चांदनी चौक स्थित तत्कालीन कोतवाली के पास उन्हें सार्वजनिक रूप से फांसी दे दी गई। हरियाणा में नौ जनवरी को उनका बलिदान दिवस मनाया जाता है।
--------
डाक विभाग की पूर्व पहल
पहले भी जारी हो चुके हैं डाक टिकट और आवरण
डाक विभाग इससे पहले नौ जनवरी 1998 को राजा नाहर सिंह पर डाक टिकट जारी कर चुका है। इसी तरह वर्ष 2011 में सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष डाक आवरण जारी किया गया था। इसकी खासियत यह थी कि वह विशेषतौर पर हाथ से बने कागज पर बनाया गया था, जिसमें चंदन की खुशबू आती थी।
-------
अशोक जैन


