
यातायात पुलिस बूथ में घुसा आठ फुट लंबा अजगर
संक्षेप: बल्लभगढ़ के आईएमटी स्थित यातायात पुलिस पोस्ट में शनिवार सुबह एक 7 से 8 फुट लंबा अजगर घुस गया। हेड कॉन्स्टेबल कासिम ने इसे देखा और वन विभाग को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने करीब आधे घंटे में अजगर को सुरक्षित पकड़कर चंदावली-सोतई गांव के पास जंगल में छोड़ दिया।
बल्लभगढ़,संवाददाता। आईएमटी स्थित यातायात पुलिस पोस्ट में शनिवार सुबह करीब 7 से 8 फुट लंबा अजगर घुस गया। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल कासिम ने सबसे पहले इस अजगर को देखा। उन्होंने बताया कि रोज़ की तरह सुबह लगभग 7:30 बजे जब वे बूथ खोलकर सफाई कर रहे थे, तो झाड़ू लगाते समय तख्त के नीचे कुछ हिलने-डुलने की आवाज़ आई। जब उन्होंने नीचे झांककर देखा तो वहां एक बड़ा अजगर बैठा हुआ है, जिसका वजन लगभग 8 से 10 किलो के बीच था। कासिम ने बताया कि जैसे ही उन्होंने झाड़ू से उसे बाहर निकालने की कोशिश की, अजगर दूसरी तरफ जाकर छिप गया।

इसके बाद उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। टीम ने उसे एक बड़े प्लास्टिक के बोरे में डालकर चंदावली-सोतई गांव के पास नहर किनारे जंगलों में छोड़ दिया। रेस्क्यू टीम के अनुसार, ठंड के मौसम में गर्म जगह की तलाश में अजगर संभवतः बूथ के अंदर आ गया था। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली कि समय रहते अजगर दिखाई दे गया, वरना किसी को नुकसान भी पहुंच सकता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




