Faridabad News: पल्ला में सड़क की खस्ता हालत को लेकर धरना-प्रदर्शन
Faridabad News: फरीदाबाद के पल्ला-बसंतपुर रोड की खराब हालत से परेशान लोगों ने शनिवार को दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू की। अगर सड़क का निर्माण कार्य दो दिन में शुरू नहीं होता, तो अनिश्चितकालीन हड़ताल और भूख हड़ताल की चेतावनी दी। स्थानीय निवासी सड़क की स्थिति को लेकर लंबे समय से निराश हैं।

Faridabad News: फरीदाबाद, धनंजय चौहान। पल्ला-बसंतपुर रोड की बदहाली को लेकर शनिवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गए। खस्ताहाल सड़क को लेकर लोगों ने मौके पर दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है।साथ ही नगर निगम को चेतावनी दी कि यदि दो दिन में सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल और भूख हड़ताल भी की जा सकती है। पल्ला-सेहतपुर रोड करीब चार किलोमीटर लंबी है। इसके आसपास 10 से अधिक कॉलोनियां हैं और करीब पांच लाख की आबादी रहती है। स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, व्यापारियों और अन्य लोगों का रोजाना इस सड़क से आवागमन होता है।
लेकिन कई सालों से सड़क जर्जर अवस्था में है। स्थानीय निवासी कंचन मिश्रा, सतपाल सिंह और कृष्ण कांत झा ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर पता नहीं चलता। ऐसे में हादसे का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने बताया कि सड़क का निर्माण नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है, लेकिन करीब तीन महीने से काम बंद पड़ा है। लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी होने के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया जा रहा।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से दो दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इस अवधि में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी।


