लव जिहाद और धर्मातरण के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
share

फरीदाबाद में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने लव जिहाद और धर्मांतरण के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण कराया जा रहा है, जिससे समाज में असुरक्षा और संकट बढ़ रहा है।

लव जिहाद और धर्मातरण के विरोध में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

फरीदाबाद, धनंजय चौहान। बीके चौक पर शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद और धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम त्रिलोकचंद को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने इन मामलों में सरकार से सख्त हस्तक्षेप और त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि देशभर में इन मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है और अब स्थानीय स्तर पर भी आवाज बुलंद की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। बजरंग दल के सदस्य पुनीत ने आरोप लगाया कि युवतियों को निशाना बनाकर पहले प्रेम जाल में फंसाया जाता है और बाद में उनका धर्मांतरण कराया जाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है। वक्ताओं ने कहा कि यह स्थिति केवल चेतावनी नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक संकट का संकेत है। उनके अनुसार संगठित रूप से समाज की आस्था, संस्कृति और सामाजिक संरचना को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त और निर्णायक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि यह केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज के अस्तित्व और सम्मान से जुड़ा विषय बन चुका है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे इस तरह के मामलों में शिकायत लेकर थानों में जाते हैं तो उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है और कार्रवाई में देरी होती है। उन्होंने कहा कि समय पर कार्रवाई न होने के कारण आरोपित कानून के शिकंजे से बच निकलते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इसके दूरगामी परिणाम सामने आ सकते हैं। इस मौके पर दिनेश मित्तल ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज की शांति और सद्भाव के लिए गंभीर चुनौती हैं, जिन पर प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने संगठन की राष्ट्र की एकता व अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर कालिदास, जिला मंत्री राजकुमार मदन (पश्चिम), दिनेश गौतम (पूर्वी) और विभाग संयोजक जीत वशिष्ठ सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।