नेहरू कॉलोनी में घर गिराए जाने के विरोध में लोग सड़क पर उतरे
फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। नेहरू कॉलोनी में अवैध मकानों को ध्वस्त किए जाने के विरोध

फरीदाबाद, मुख्य संवाददाता। नेहरू कॉलोनी में अवैध मकानों को ध्वस्त किए जाने के विरोध में लोगों का गुस्सा निरंतर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार रात रोड जाम कर पुलिस पर पथराव के बाद शुक्रवार शाम पांच बजे फिर रोड जाम किया। इससे मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने लोगों को समझाया, तब जाकर करीब आधे घण्टे बाद जाम खोला गया। कॉलोनी के लोग तोड़फोड़ से पहले पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
गुस्सा बढ़ता जा रहा है
नेहरू कॉलोनी में दो दिन से बढ़ रहे तनाव के बीच पुलिस की चिंता बढ़ गई है। शहर की ट्रैफ़िक व्यवस्था को संभालने के साथ अब आक्रोशित हो रहे लोगों को नियंत्रित करना चुनोती बनता जा रहा है। गुरुवार की रात को जैसे तैसे लोगों को शांत किया था कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और कॉलोनी में मकान तोड़े जाने के विरोध में सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके घर तोड़े जा रहे हैं, लेकिन पुनर्वास की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बहरहाल, सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। करीब आधे घंटे बाद जाम खुल गया और यातायात सामान्य हुआ। इससे पहले गुरुवार को भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही।
पुनर्वास नहीं होने से बढ़ी चिंता
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिन परिवारों के मकान टूट चुके हैं, वे खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हैं। उनके अनुसार कई परिवारों के बच्चे भी प्रभावित हुए हैं। लोगों का कहना है कि किराये पर मकान ढूंढना मुश्किल हो रहा है और जहां मकान मिल रहे हैं, वहां किराया उनकी पहुंच से बाहर है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि मकान तोड़ने से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाए। साथ ही लंबे समय से बसे लोगों को राहत देने के लिए विशेष नीति लागू करने की मांग भी उठाई गई।
इलाके में सुरक्षा व्यवस्था
कॉलोनी में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग और नाके लगाए गए हैं। सैनिक कॉलोनी चौक, एनआईटी क्षेत्र, एनआईएफएम चौक और मुल्ला होटल के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित किए जाने से लोगों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना पड़ रहा है। इसके कारण शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया और वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा।
कार्रवाई की तैयारी
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज है कि नगर निगम शहर की अन्य अवैध बस्तियों में भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। सूत्रों के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। नेहरू कॉलोनी में लगातार नोटिस मिलने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि कार्रवाई से पहले स्पष्ट पुनर्वास नीति घोषित की जानी चाहिए। हालांकि नगर निगम की ओर से अन्य क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मलबा हटाने की कार्रवाई
नगर निगम की टीम फिलहाल नेहरू कॉलोनी में तोड़े गए मकानों का मलबा हटाने में जुटी हुई है। बुधवार को हुई कार्रवाई में बड़ी संख्या में निर्माण ध्वस्त किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार रास्तों पर फैले मलबे के कारण मशीनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, इसलिए पहले सफाई और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। नगर निगम के वाहन मलबे को निर्धारित स्थानों तक पहुंचा रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा। क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की गतिविधियों पर लोगों की नजर बनी हुई है। उधर, पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मौके पर पुलिस तैनात है और पल पल नजर रखी जा रही है।
महत्वपूर्ण प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


