होडल में लाखों की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
पलवल के होडल में लाखों की नकदी और जेवर चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी फरवरी में तब हुई जब परिवार शादी में गया था। आरोपियों ने घर का ताला तोड़कर 32 तोला सोना, 3 किलो चांदी और 14.5 लाख रुपये चुराए।

पलवल, संवाददाता। होडल में घर से लाखों की नकदी और जेवर चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। चोरी फरवरी की शुरुआत में परिवार के बाहर जाने के दौरान हुई थी। क्राइम ब्रांच होडल के प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि यह मामला चरण सिंह कॉलोनी, वार्ड नंबर-1, गोडोता रेलवे फाटक के पास स्थित एक मकान से जुड़ा है। पीड़ित श्रीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह दो फरवरी को परिवार के साथ गुरुग्राम एक शादी समारोह में गए थे।
अगले दिन घर लौटने पर गेट का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच में सामने आया कि अलमारी के ताले तोड़कर चोर 32 तोला सोना, करीब पौने तीन किलो चांदी के जेवर और 14 लाख 50 हजार रुपये नकद ले गए थे। साथ ही घर में लगे कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ दिया गया था। शिकायत के आधार पर थाना होडल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम को जांच सौंपी गई। टीम ने साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद जमसेर, आजाद शेख, मोहम्मद सफीक और विनीत कुमार गुप्ता उर्फ अमित के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों से जुड़े हुए हैं और संगठित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद करने के लिए आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर छोड़ते समय सुरक्षा के पूरे इंतजाम करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


