कार्रवाई : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों पर बुलडोजर चला

Newswrap हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने अतिक्रमण और अवैध ढाबों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इस दौरान, कई अवैध ढाबों और अस्थायी निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया है। प्रशासन का मानना है कि ये निर्माण सड़क किनारे रुकने और अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं।

कार्रवाई : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों पर बुलडोजर चला

नूंह,केशव भारद्वाज। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन ने दिल्ली -मुंबई एक्सप्रेसवे से अतिक्रमण और अवैध ढाबों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों, होटल, पंक्चर की दुकानों और अस्थायी निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इन अवैध निर्माणों के कारण वाहन चालक सड़क किनारे रुकते हैं और अवैध पार्किंग होने से हादसों का खतरा बढ़ जाता है। यह अभियान गुरुवार से नूंह सदर थाना क्षेत्र से शुरू किया गया था, जिसके बाद रोजका मेव, पिनंगवां, नगीना और फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्रों तक कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।

कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी। अब तक दो दर्जन से अधिक अवैध ढाबों और अस्थायी निर्माणों को हटाया या क्षतिग्रस्त किया जा चुका है। फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में एसडीएम की मौजूदगी में विशेष अभियान चलाया गया, जहां एक्सप्रेसवे और अन्य मार्गों पर नंबर प्लेट छिपाकर चलने वाले वाहनों के चालान भी काटे गए। नूंह पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं और सड़क किनारे अवैध ढाबों व दुकानों के कारण कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह बन रहे है। इसलिए प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एसपी डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में केएमपी एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर संयुक्त निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई और तेज की जाएगी।बता दें कि पांच मई को केएमपी एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे अवैध पार्किंग को हादसे की बड़ी वजह माना गया था। इसी के बाद प्रशासन ने दोनों एक्सप्रेसवे पर अवैध ढाबों और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि एक्सप्रेसवे किनारे अवैध रूप से बनाए गए ढांचे स्वयं हटा लें, अन्यथा आगे भी लगातार बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।