
एक माह में नौ हजार वाहनों के चालान
पलवल में पुलिस ने नवंबर महीने में 9,038 वाहनों के चालान किए और 88 वाहनों को जब्त किया। कुल जुर्माना 2 करोड़ 3 लाख रुपये से अधिक है। एसपी वरुण सिंगला ने नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। ड्रंकन ड्राइविंग और स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पलवल। पुलिस ने नवंबर माह में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले करीब नौ हजार से अधिक वाहनों में चालान किए। जिनसे करीब दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। बुधवार को जारी बयान में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने यह जानकारी दी। एसपी के मुताबिक जिले में यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। केवल नवंबर माह में 9038 वाहनों के चालान किए गए और 88 वाहन जब्त किए गए। चालान की बड़ी श्रेणियों में गलत लाइन में वाहन चलाना, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, गलत पार्किंग तथा बिना नंबर प्लेट गाड़ी चलाना शामिल है। पुलिस ने बताया कि ड्रंकन ड्राइविंग के 247 मामले दर्ज हुए, जबकि 152 गाड़ियों पर ब्लैक फिल्म मिलने पर चालान किया गया।
इसी तरह 27 बुलेट बाइक चालकों पर पटाखा छोड़कर स्टंट करने के मामले में कार्रवाई हुई। इन सभी पर कुल 2 करोड़ 3 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना लगाया गया, जिसे पुलिस सख्त चेतावनी के रूप में देख रही है। एसपी वरुण सिंगला ने कहा कि नियमों की अनदेखी से हादसे बढ़ते हैं, इसलिए हर व्यक्ति को सावधान रहना जरूरी है। उन्होंने बुलेट पर पटाखा छोड़कर स्टंट करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि आगे ऐसी हरकत पर मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शराब पीकर कभी गाड़ी न चलाएं और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




