शादीशुदा होने की बात छुपाकर युवती से विवाह किया
फरीदाबाद में एक विवाहिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति ने शादीशुदा होने का राज छुपाकर उससे विवाह किया। शादी के बाद दहेज की मांग और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। पति और उसके परिवार ने मानसिक एवं शारीरिक रूप से उसे प्रताड़ित किया। पुलिस ने पति और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने शादीशुदा होने की बात छुपाकर युवती से विवाह करने, दहेज की मांग करने और मारपीट कर प्रताड़ित करने के आरोप में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पति ने अपनी पहली शादी और तलाक न होने की जानकारी छुपाकर युवती से शादी की और बाद में परिवार के साथ मिलकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। पुलिस के मुताबिक, अगवानपुर निवासी पीड़ित विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 12 नवंबर 2024 को दिल्ली के गोविंदपुरी निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी में उसके परिवार ने करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति, सास, ससुर और ननद ने दहेज को लेकर ताने देने शुरू कर दिए और अतिरिक्त मांगें रखीं। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब दो महीने बाद उसे पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसने अपनी पहली पत्नी से कानूनी तलाक भी नहीं लिया था। रिश्ते के बिचौलिए को पहले से पता थी, लेकिन सभी ने मिलकर यह तथ्य छुपाया। शिकायत में कहा गया है कि पति शराब पीने का आदी है और अक्सर मारपीट करता था। महिला थाना पुलिस ने काउंसलिंग और जांच के बाद पति भास्कर, ससुर , सास, ननद और बिचौलिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है।------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


