
पटाखे बनाने की अवैध फैक्टरी पकड़ी
पलवल में उटावड़ थाना पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से विस्फोटक सामग्री और तैयार पटाखे जब्त किए। फैक्टरी के मालिक और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पता चला कि बिना लाइसेंस के पटाखे बनाए जा रहे थे, जो लोगों की जान के लिए खतरा थे।
पलवल। उटावड़ थाना पुलिस ने अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और तैयार पटाखे बरामद किए। फैक्टरी मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना उटावड़ प्रभारी निरीक्षक रेनू शेखावत ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जीरा रोड़ी प्लॉट के पास एक टीन शेड में बिना किसी लाइसेंस के बच्चों के माचिस पटाखे बनाए जा रहे हैं और उनकी सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को पटाखे बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान शामली, उत्तर प्रदेश निवासी जोनी के रूप में हुई। जोनी ने बताया कि इस अवैध फैक्टरी का मालिक चीनू है, जो भी शामली का रहने वाला है। पुलिस ने जब पटाखे बनाने से संबंधित लाइसेंस मांगा, तो आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। मौके से पटाखों की खेप जब्त : मौके पर जांच के दौरान पुलिस ने दो प्लास्टिक कट्टों में 39 किलो 570 ग्राम कोयला, एक प्लास्टिक कट्टे में 22 किलो 680 ग्राम पोटाश और तीन पेटियों में 33 किलो 410 ग्राम तैयार पटाखे बरामद किए। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ का रिहायशी इलाके के पास रखा जाना आम लोगों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। फैक्टरी मालिक गिरफ्तार : पुलिस ने सभी विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक चीनू को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से यह पता किया जा रहा है कि वह इन अवैध पटाखों को किन इलाकों और शहरों में सप्लाई कर रहा था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




