
गोली चलाने के मामले में फरार आरोपी को दबोचा
संक्षेप: फरीदाबाद में ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पुलिस ने गोलीबारी के मामले में एक आरोपी गौतम भाटिया को गिरफ्तार किया है। पीड़ित पीयूष ने आरोप लगाया था कि उसके दोस्त इक्क्षित पर जतिन भाटिया और उसके साथियों ने हमला किया था। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत पुलिस ने फावड़ा सिंह चौक के पास गोली चलाने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को दबोचने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी निवासी पीयूष ने थाना कोतवाली को अपनी शिकायत में बताया था कि तीन-चार नवंबर की रात को उसके दोस्त इक्क्षित का झगड़ा जतिन भाटिया से हो गया था। आरोप है कि जतिन ने अपने साथी गौतम व अन्य के साथ मिलकर इक्क्षित, पीयूष और हिमांशु को एनआईटी-एक के फावड़ा चौक पर रोककर मारपीट की थी।

इस दौरान हमलावर एक के बाद एक दो गोलियां चलाकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना कोतवाली ने आराेपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत अपराध जांच शाखा सेक्टर-48 की टीम ने इस मामले में सैनिक कॉलोनी निवासी गौतम भाटिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि जतिन भाटिया और इक्क्षित की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जब इक्क्षित अपने दोस्त के साथ जा रहा था तो जतिन ने उसे रास्ते में रोक लिया। इस दौरान इक्क्षितऔर उसके दोस्तों पर हमला कर दिया और उन पर गोली चलाकर फरार हो गए थे। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी थी। पुलिस इसमामले में फरार चल रहे बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




