जिले में सात केंद्रों में संपन्न कराई गई एनडीए एवं सीडीएस की परीक्षा
फरीदाबाद में एनडीए और सीडीएस परीक्षाओं का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए थे, जहां 1808 से 850 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, और परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में जिला प्रशासन की देखरेख में एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) और सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) की परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। परीक्षा के लिए जिले में कुल सात केंद्र बनाए गए थे, जहां अभ्यर्थियों के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। एनडीए परीक्षा की पहली पाली में 1808 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 390 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 1403 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, वहीं 405 उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार सीडीएस परीक्षा के लिए लगभग 850 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से करीब 500 ने ही परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे को पूरी तरह से सुरक्षित क्षेत्र घोषित किया गया था, जहां अनावश्यक रूप से किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं दी गई। केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ निगरानी भी लगातार की जा रही थी, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले तीन स्तर की सघन जांच से गुजरना पड़ा। जांच के दौरान केवल आवश्यक दस्तावेज जैसे प्रवेश पत्र और लेखन सामग्री ही साथ ले जाने की अनुमति दी गई। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य किसी भी प्रकार की वस्तु को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया था। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले ही व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई थीं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों के अनुसार पूरे जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली, जिससे परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा सकी। जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने बताया कि जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


