योग मैराथन का आयोजन 15 जून को होगा
पलवल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए गतिविधियां शुरू हो गई हैं। 15 जून को योग मैराथन, 19 को संगोष्ठी और 20 को अंतिम रिहर्सल होगी। 21 जून को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस बार की थीम 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' है। प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से हजारों लोगों को जोड़ा जाएगा।

पलवल, सरसमल। पलवल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो गया है। 15 जून को योग मैराथन, 19 को संगोष्ठी और 20 को अंतिम रिहर्सल आयोजित होगी। जिला और ब्लॉक स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों के जरिए हजारों लोगों को योग से जोड़ा जाएगा। पलवल में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चरणबद्ध गतिविधियों का कैलेंडर तैयार किया है। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके तहत विभिन्न वर्गों को योग के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा。
प्रशिक्षण शिविर
उपायुक्त डा. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बताया कि 11 से 13 जून तक जिला और ब्लॉक स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस कर्मी, एनसीसी, स्काउट्स तथा आम नागरिक भाग लेंगे। योग विशेषज्ञ, खेल विभाग के प्रशिक्षक और आयुष विभाग के कर्मी सुबह और शाम योगाभ्यास कराएंगे।
योग मैराथन
योग के प्रचार-प्रसार के लिए 15 जून को जिला स्तर पर भव्य योग मैराथन आयोजित की जाएगी। इसमें स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, पुलिस कर्मी, एनसीसी कैडेट, नेहरू युवा केंद्र के सदस्य और अन्य नागरिक भाग लेंगे। प्रतिभागी योग से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर जागरूकता का संदेश देंगे।
विशेष प्रशिक्षण सत्र
इसके अलावा 18 जून से जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र शुरू होंगे। 19 जून को योग एवं रिसर्च विषय पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें आयुष और स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ योग के वैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा करेंगे। मुख्य कार्यक्रम से पहले 20 जून को सुबह अंतिम पायलट रिहर्सल होगी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय आयोजन 21 जून को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में होगा, जबकि ब्लॉक स्तर पर भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


