रंजिश का बदला लेने के लिए घर में आग लगाई
राजीव कॉलोनी पलवल में पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार के घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर का गेट तोड़कर लूटपाट की और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पीड़ित का परिवार शादी में गया था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पलवल, अजित कुमार। राजीव कॉलोनी पलवल में पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए घर में आग लगाने मामला सामने आया है। कैंप थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंप थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के अनुसार, राजीव कॉलोनी निवासी अनिल ने दी शिकायत में कहा है कि कुछ समय पहले आरोपी उनके घर में किराये पर रहते थे। आरोप है कि 27 अप्रैल को भी आरोपियों ने परिवार के साथ मिलकर उन पर अवैध हथियारों से हमला किया था। उस मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच सामाजिक समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी रंजिश रखने लगे।
पीड़ित के अनुसार 13 मई की रात करीब 12:40 बजे आरोपी मुकेश देवी, संदीप, जीतू, संदीप पुत्र ग्यालाल व दो अन्य व्यक्ति एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने पहले घर का गेट तोड़ा और फिर लूटपाट की। इसके बाद पेट्रोल छिड़क कर घर में आग लगा दी। अनिल ने बताया कि संयोगवश परिवार गांव में शादी समारोह में गया हुआ था, जिससे उनकी जान बच गई। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। कैंप थाना प्रभारी अश्विनी का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है। मौके से एक आरोपी संदीप को हिरासत में ले लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


