Faridabad News: एनआईटी में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदले जाएं
Faridabad News: फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में बिजली समस्याओं को लेकर विधायक सतीश फागना ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में ट्रांसफार्मर बदलने, नई व्यवस्था स्थापित करने और शिकायत केंद्रों पर तात्कालिक कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Faridabad News: फरीदाबाद, केशव भारद्वाज। एनआईटी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर सोमवार को विधायक सतीश फागना ने गोल्फ क्लब में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर ट्रांसफार्मर ओवरलोड हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। उन्होंने बूस्टर और पेयजल आपूर्ति से जुड़े सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि बिजली की कमी के कारण जलापूर्ति प्रभावित न हो।
विधायक फागना ने कहा कि एनआईटी क्षेत्र में झुके हुए और जर्जर बिजली खंभों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए। साथ ही शिकायत केंद्रों पर 24 घंटे बिजली कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी फॉल्ट की सूचना मिलने पर तुरंत मरम्मत का कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि रात के समय बिजली गुल होने से लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समय पर फॉल्ट दूर नहीं किए जाते, जिससे लोगों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनआईटी क्षेत्र में 24 घंटे बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर अमल किया जाए। बैठक में अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल, कार्यकारी अभियंता उर्मिला रानी, संजय मंगला सहित बिजली निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


