Faridabad News: रेल कॉरिडोर की सुरंग धंसने के मामले में जांच समिति बनी
Faridabad News: सात दिन में रिपोर्ट देगी समिति, लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी होगी तय नूंह,

Faridabad News: सात दिन में रिपोर्ट देगी समिति, लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी होगी तय नूंह, सरसमल। तावड़ू में आर्बिटल रेल कॉरिडोर के लिए बनाई जा रही सुरंग धंसने की घटना की जांच के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी ने कमेटी गठित की है। समिति को सात दिन में रिपोर्ट देनी होगी। जांच में घटना के कारणों, संभावित लापरवाही और नुकसान का आकलन किया जाएगा।
जांच समिति का गठन और जिम्मेदारी तय
उपायुक्त ने अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति को कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। इसमें तावड़ू के एसडीएम, डीएसपी, नायब तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता और हरियाणा रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचआरआईडीसी) के उप महाप्रबंधक पंकज सोनी को सदस्य बनाया गया है। कमेटी सुरंग धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी। निर्माण कार्य में तकनीकी खामी, जमीन की स्थिति और संरचना से जुड़ी कमियों की जांच की जाएगी। यदि किसी एजेंसी, ठेकेदार या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
सुरक्षा इंतजाम और नुकसान की जांच
सुरक्षा इंतजाम और नुकसान की होगी जांच
कमेटी घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेगी। सुरंग के आसपास किए गए सुरक्षा इंतजामों और घटना के बाद प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की भी जांच होगी। इसके अलावा सरकारी और निजी संपत्ति के साथ सड़क सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। जरूरत पड़ने पर तकनीकी विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। उपायुक्त ने संबंधित विभागों और एजेंसियों को जांच में सहयोग करने तथा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सुरंग धंसने से ग्रामीणों में दहशत
करीब 500 मीटर तक धंसी थी सुरंग, ग्रामीणों में दहशत
गौरतलब है कि तावड़ू उपमंडल में पिछले सप्ताह आर्बिटल रेल कॉरिडोर की निर्माणाधीन सुरंग का करीब 500 मीटर हिस्सा धंस गया था। इससे आसपास के क्षेत्र में जमीन धंसने और खेतों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी। करीब चार एकड़ जमीन प्रभावित होने की जानकारी है। कुछ मकानों और सड़क नेटवर्क पर भी असर पड़ने की बात कही गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। किसान खेतों में जाने से बच रहे हैं और बच्चों को भी प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा जा रहा है। ग्रामीण खास तौर पर उस जगह के आसपास जाने से परहेज कर रहे हैं, जहां सुरंग बनाई जा रही है। कमेटी अपनी रिपोर्ट में भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपाय और नुकसान के मुआवजे से जुड़े सुझाव भी देगी।
आर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का विवरण
12 सौ करोड़ की लागत से बन रहा कॉरिडॉर
केएमपी एक्सप्रेसवे के साथ ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसके लिए हरियाणा के पलवल से शुरू होकर हरसाना कलां तक रेल लाइन बिछाई जाएगी। हरसाना कलां दिल्ली-अंबाला सेक्शन पर स्थित है। रास्ते में रेल लाइन दिल्ली-रेवाड़ी लाइन पर स्थित पाटली स्टेशन, गढ़ी हर्षरू-फारुखनगर लाइन पर सुल्तानपुर स्टेशन और दिल्ली-रोहतक लाइन पर असौधा स्टेशन को भी जोड़ेगी। इस प्रोजेक्ट को हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड पूरा करेगा। इसमें निजी निवेश भी शामिल किया जाएगा।

