नीति आयोग के पिछड़े जिले में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए प्रयास नाकाफी
नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून के साथ बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा स्तर सुधारने के लिए पर्याप्त प्रयास नहीं हुए हैं, और मेवात विकास बोर्ड की घोषणाओं पर काम नहीं हुआ।

नूंह, सरसमल। देश के पिछड़े जिले नूंह में गिरते शिक्षा स्तर, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने बुधवार को फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून के साथ बैठक की। जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। विधायक ने कहा कि नीति आयोग के आकांक्षी जिले में शिक्षा स्तर सुधारने के लिए अब तक पर्याप्त प्रयास नहीं हुए हैं। विधायक आफताब अहमद ने मंडल आयुक्त को बताया कि हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में भी जिला सबसे निचले पायदान पर रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं
उन्होंने कहा कि मेवात विकास बोर्ड की पिछली बैठक में कई घोषणाएं हुई थीं, लेकिन उन पर प्रभावी काम नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि बोर्ड का गठन मेवात क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, गरीबी और बेरोजगारी कम करने तथा सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन को दूर करने के उद्देश्य से किया गया था। इसके बावजूद शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
उन्होंने कहा कि मेवात मॉडल स्कूलों के माध्यम से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही थी, लेकिन उन्हें शिक्षा विभाग में मर्ज करने से उनकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है। विधायक ने आरोप लगाया कि आकांक्षी जिला घोषित होने के बाद भी सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में भी मेवात से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
सैनिक बोर्ड कार्यालय की मांग
बैठक में विधायक ने नूंह जिले में स्थायी जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय स्थापित करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि जिले के हजारों पूर्व सैनिक और सेवारत जवानों को सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। फिलहाल जिले में अस्थायी कार्यालय चल रहा है। बैठक में पीसीसी सदस्य चौधरी महताब अहमद भी मौजूद रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


