
सड़क हादसे में घायल की मदद करने पर 25 हजार रुपये मिलेंगे
अच्छी खबर नूंह, वरिष्ठ संवाददाता। नूंह जिले में सड़क हादसों में घायलों की मदद
अच्छी खबर नूंह, वरिष्ठ संवाददाता। नूंह जिले में सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए राहवीर योजना शुरू हो गई है। योजना के तहत समय पर सहायता करने वाले व्यक्ति को 25 हजार का नगद इनाम दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को बिना डर मदद के लिए आगे लाना है। गुरुवार को जारी बयान में पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशों के बाद राहवीर योजना को हरियाणा में लागू किया गया है। राज्य सरकार ने इसके संचालन के लिए राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग कमेटी और जिला स्तर पर अप्रेजल कमेटी का गठन किया है।
नूंह जिले में इस योजना की निगरानी डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता वाली अप्रेजल कमेटी कर रही है, जो हर मामले की जांच के बाद पुरस्कार की संस्तुति करेगी। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार नूंह जिला भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्गों से जुड़ा हुआ है। यहां से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-अलवर रोड गुजरते हैं। इन सड़कों पर यातायात अधिक होने के कारण दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। ऐसे हालात में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे अहम होता है, जिसे लोग अक्सर जोखिम उठाकर पूरा करते हैं। उन्होंने बताया कि मेवात क्षेत्र के लोगों की परंपरा रही है कि वे सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आगे आते हैं। कई मौकों पर स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए यात्रियों की जान बचाई है। केएमपी एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने की घटना और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए हादसों में समय पर मदद कर कई लोगों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि राहवीर योजना के तहत यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना की सूचना पुलिस को देता है या घायल को सीधे अस्पताल पहुंचाता है, तो पुलिस या अस्पताल से प्रमाण मिलने के बाद मामला जिला अप्रेजल कमेटी के सामने रखा जाता है। जांच पूरी होने पर पुरस्कार की सिफारिश की जाती है। स्वीकृति मिलने पर राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति एक वर्ष में अधिकतम पांच बार इस प्रोत्साहन का लाभ ले सकता है। नूंह पुलिस और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी सड़क हादसे में बिना संकोच मानवता की मिसाल पेश करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




