ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR फरीदाबादबड़खल फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के लिए आज से नो एंट्री

बड़खल फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के लिए आज से नो एंट्री

गुरुवार से शहर में भारी वाहनों के लिए नई यातायात व्यवस्था शुरू होने जा रही है। वाहन चालकों को चाहिए कि शहर को जाममुक्त व सुचारू यातायात व्यवस्था में सहयोग करते हुए यातायात नियमों का पालन...

बड़खल फ्लाईओवर पर भारी वाहनों के लिए आज से नो एंट्री
हिन्दुस्तान टीम,फरीदाबादWed, 28 Mar 2018 07:11 PM
ऐप पर पढ़ें

गुरुवार से शहर में भारी वाहनों के लिए नई यातायात व्यवस्था शुरू होने जा रही है। वाहन चालकों को चाहिए कि शहर को जाममुक्त व सुचारू यातायात व्यवस्था में सहयोग करते हुए यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस आयुक्त अमिताभ सिंह ढिल्लो के निर्देश पर डीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र विज ने बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए नया रूट प्लान तैयार किया है। बाटा फ्लाईओवर चालू होने से भारी वाहनों को काफी राहत मिली है। अब नो एंट्री समय के बाद सोहना व गुरुग्राम की ओर से एनएच दो व बल्लभगढ़ जाने वाले वाहन इस बाटा फ्लाईओवर से ही गंतव्य की ओर जा सकेंगे।

बड़खल फ्लाईओवर पर नो एंट्री

एसीपी ट्रैफिक रविंद्र सिंह कुंडू ने बताया कि बड़खल फ्लाईओवर से एनएच दो पर सुबह सात बजे से शाम 9 बजे तक भारी वाहनों पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। केवल रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक ही भारी वाहन इस फ्लाईओवर से गुजर सकेंगे। दरअसल, दिन के समय बड़खल फ्लाईओवर से भारी वाहनों के गुजरने से जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन इस नई व्यवस्था के बाद बड़खल फ्लाईओवर से लेकर एनएच दो तक जाम से शहरवासियों को राहत मिल जाएगी।

बल्लभगढ़ आने के लिए नहीं होगा सोहना पुल का इस्तेमाल

सोहना टी प्वाइंट से आने वाले भारी वाहन बल्लभगढ़ जाने के लिए सोहना पुल का प्रयोग नहीं कर सकेंगे, क्योंकि यह पुल वन वे है। इसी तरह बल्लभगढ़ से सोहना की ओर जाने वाले भारी वाहन नो एंट्री के बाद ही सोहना पुल से जा सकेंगे। गुड़गांव से आने वाले भारी वाहन सैनिक कॉलोनी मोड से होते हुए मस्जिद मोड की ओर जाने के लिए नो एंट्री टाइमिंग पहले की तरह लागू रहेगी।

नई व्यवस्था का पालन नहीं करने पर होगा चालान

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि शहर में नई व्यवस्था गुरुवार सुबह से लागू हो जाएगी। जो भी वाहन चालक इस व्यवस्था की पालना नहीं करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर सभी फ्लाईओवर के चौकों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को नियमों की अवेहलना करने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा है।

गुरुग्राम नहर का पुल टूटने के बाद सोहना पुल किया था वन वे

सेक्टर-25 में पुल टूटने के बाद शहर में जाम की आहट को देख यातायात पुलिस ने सोहना पुल को वन वे किया था। इसके साथ ही यातायात पुलिस ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से बाटा फ्लाईओवर को पांच दिनों में तैयार करने को कहा था, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने। पीडब्ल्यूडी विभाग ने भी जाम को देखते हुए दिन रात कार्य कराया। अब बाटा फ्लाईओवर का काम पूरा कर लिया गया है। इससे शहरवासियों को काफी राहत मिलनी तय है।

नई व्यवस्था से ट्रांसपोर्टर को अवगत कराया

गुरुवार से शुरू होने वाली इस व्यवस्था के बारे में ट्रांसपोर्टरों को अवगत करा दिया है, ताकि नई व्यवस्था के अनुरूप ही भारी वाहनों की शहर में आवाजाही हो सके। यातायात निरीक्षक मनमोहन ने बताया कि नई व्यवस्था से यातायात व्यवस्था में काफी सुधार नजर आएगा।

शहर में नो एंट्री का समय

सुबह 7 बजे से शाम 11 बजे तक

शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें