
पलवल में तीन स्टेडियम नए साल में बनेंगे
पलवल के खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग द्वारा तीन नए स्टेडियम बनाने की मंजूरी मिल गई है। इन पर 21 करोड़ रुपये खर्च होंगे और निर्माण कार्य नए साल में शुरू होने की उम्मीद है। आधुनिक सुविधाओं के साथ इन स्टेडियमों का निर्माण खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में मदद करेगा।
धनंजय चौहान फरीदाबाद/पलवल। खेल सुविधाओं की कमी से जूझ रहे पलवल के खिलाड़ियों के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन नए स्टेडियम बनाए जाएंगे। इसकी मंजूरी मिल गई है। साथ ही प्रस्तावित बजट तैयार कर मुख्यालय भेजा गया है। नए साल पर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं पर करीब 21 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। पलवल में मुख्य रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम है, जो स्थानीय आयोजनों के लिए इस्तेमाल होता है, जबकि कई खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। खेल सुविधाओं के अभाव अनेक खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रहे है।
ऐसे में पीडब्ल्यूडी ने जिले में तीन नए स्टेडियम बनाने की परियोजना तैयार की है, जिसे अधिकारिक मंजूरी मिल गई हैं। इनमें लिए जमीन भी चिन्हित कर ली गई है। गांव भिडूकी में बनने वाले स्टेडियम पर 7 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, औरंगाबाद में प्रस्तावित स्टेडियम की लागत 8 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। हथीन क्षेत्र में खिलाड़ियों के लिए 5 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। तीनों परियोजनाओं का जनवरी में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इन स्टेडियमों का निर्माण पीडब्ल्यूडी की देखरेख में किया जाएगा। रनिंग ट्रैक, फुटबॉल और क्रिकेट मैदान की सुविधाएं होगी खास बात यह है कि स्टेडियम गांवों और रिहायशी इलाकों के नजदीक बनाए जाएंगे, जिससे बच्चों और युवाओं को अभ्यास के लिए दूर न जाना पड़े। इससे खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण का अवसर मिल सकेगा। प्रस्तावित स्टेडियमों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें रनिंग ट्रैक, फुटबॉल और क्रिकेट मैदान, वॉलीबॉल व बैडमिंटन कोर्ट के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, दर्शक दीर्घा और बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी। खेल प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों ने कहा है कि अब तक बेहतर खेल सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती थीं। स्टेडियम बनने से गांव स्तर पर ही खिलाड़ियों को मंच मिलेगा और वे जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम भी प्रस्तावित इसके अलावा पलवल के गांव बहरौला में 124 एकड़ में एक अंतराष्ट्रीय स्टेडियम भी प्रस्तावित है, जिसमें क्रिकेट ग्राउंड, एथलेटिक्स ट्रैक, बैडमिंटन हॉल, बॉक्सिंग हॉल, फिटनेस सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं होंगी। इसे 35 हजार से 50 हजार दर्शकों की क्षमता के अनुसार बनाया जाएगा। कोट स्टेडियमों के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। इन तीनों स्टेडियम के निर्माण पर लगभग 21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अगले सप्ताह बजट को मुख्यालय से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। नए साल में निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। -रितेश यादव, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, पलवल

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




